मथुरा में खजूर से भरा ट्रक पलटा, खजूर लूटने की होड़ से हाईवे पर लगा लंबा जाम
मथुरा में दिल्ली-आगरा हाईवे पर एक ट्रक पलट गया। इससे उसमें भरा खजूर हाईवे पर बिखर गया। घटनास्थल पर मौजूद लोग खजूर लूटने के लिए दौड़ पड़े और थैलों में भरकर घर ले गए।

मथुरा/उत्तर प्रदेश। दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर थाना जैत क्षेत्र में छटीकरा से आगे एक भीषण सड़क हादसे के बाद उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब खजूर से लदा ट्रक दुर्घटना के बाद दोबारा सड़क पर पलट गया। ट्रक से खजूर बिखरते ही स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों में उन्हें उठाने की होड़ मच गई। देखते ही देखते हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और कई किलोमीटर तक जाम की स्थिति बन गई।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली से आगरा की ओर जा रहा खजूर से भरा ट्रक छटीकरा से आगे अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रॉला से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसका परिचालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलने पर जैत थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल के परिजनों को घटना की जानकारी दी।
हादसे के बाद हाईवे पर यातायात प्रभावित होने लगा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त ट्रक को सड़क से हटाने के लिए क्रेन मंगाई। क्रेन की मदद से ट्रक को थाने ले जाने की प्रक्रिया चल रही थी, तभी अचानक क्रेन का हुक टूट गया। हुक टूटते ही खजूर से लदा ट्रक असंतुलित होकर दोबारा हाईवे पर पलट गया।
ट्रक के पलटते ही उसमें भरे खजूर सड़क पर चारों ओर बिखर गए। सड़क पर खजूर देखते ही आसपास मौजूद ग्रामीण और राहगीर उन्हें उठाने के लिए दौड़ पड़े। कई लोग थैले और पॉलीथिन लेकर सड़क पर पहुंच गए। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने लोगों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ पर तत्काल नियंत्रण नहीं हो सका।
ट्रक के बीच सड़क पर पलटने और खजूर उठाने के लिए जुटी भीड़ के कारण दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। कुछ ही देर में दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और कई किलोमीटर तक जाम की स्थिति बन गई।
स्थिति बिगड़ती देख जैत थाना पुलिस ने अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर बुलाया। पुलिसकर्मियों ने भीड़ को हटाकर सड़क खाली कराई। इसके बाद दूसरी क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को हाईवे से हटाया गया। पुलिस की कड़ी मशक्कत के बाद यातायात को दोबारा सुचारु कराया जा सका।
पुलिस के अनुसार, हादसे में घायल परिचालक के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। दुर्घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।




