शादी का झांसा देकर साइबर ठगी करने वाली महिला गिरफ्तार, 50 हजार रुपये बरामद

जींद साइबर क्राइम थाना पुलिस ने शुक्रवार को शादी का झांसा देकर लाखों रुपये की साइबर ठगी करने वाली महिला को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से ठगी की रकम में से 50,000 रुपए भी बरामद किए हैं। वह यूपी की रहने वाली है।

जींद/हरियाणा। जींद साइबर क्राइम थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाली महिला को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ठगी की रकम में से 50 हजार रुपये भी बरामद किए हैं, जबकि पहले ही त्वरित कार्रवाई करते हुए 1.24 लाख रुपये की राशि होल्ड करवाई जा चुकी है।
थाना साइबर क्राइम के प्रभारी उप निरीक्षक जगदीप सिंह ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए बताया कि रेलवे रोड निवासी नितिन ने शिकायत दी थी कि उसकी पहचान सोशल मीडिया के माध्यम से एक युवती से हुई थी। युवती ने अपना नाम शिल्पी उर्फ अंजली बताया और बातचीत के दौरान बीमारी तथा शादी का झांसा देकर अलग-अलग तिथियों में उससे कुल 1,88,780 रुपये अपने बैंक खाते में ट्रांसफर करवा लिए।
पीड़ित के अनुसार, जब उसने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपी ने और धनराशि की मांग शुरू कर दी, जिससे उसे साइबर ठगी का संदेह हुआ। इसके बाद उसने तत्काल साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए हसनपुर (मथुरा, उत्तर प्रदेश) निवासी आरोपी महिला शिल्पी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर 50 हजार रुपये की नकद राशि बरामद की गई है।
पुलिस द्वारा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस बीच, पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया, मैट्रिमोनियल साइट्स या अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर अनजान व्यक्तियों के झांसे में आकर किसी भी प्रकार की धनराशि ट्रांसफर न करें।
उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति प्रेम, शादी, नौकरी या अन्य किसी बहाने से पैसे की मांग करता है तो पहले उसकी पूरी जांच-पड़ताल अवश्य करें। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं तथा नजदीकी साइबर पुलिस थाने से संपर्क करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button