मुठभेड़ में घायल शातिर गांजा तस्कर गौरव जैन गिरफ्तार, इलाके में निकाला गया पैदल जुलूस

चकेरी पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किए गए गैंगस्टर गौरव जैन का लालबंगला इलाके में पैदल जुलूस निकाला। उसकी दहशत खत्म करने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया, जिसके बाद उसे जेल भेजने की तैयारी है।

कानपुर/उत्तर प्रदेश। चकेरी थाना क्षेत्र के कालीबाड़ी निवासी शातिर अपराधी व गांजा तस्कर गौरव जैन को पुलिस ने सोमवार देर रात सनिगवां क्षेत्र में मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपित ने सनिगवां चौकी प्रभारी अनीश सिंह पर दो राउंड फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस की कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे कांशीराम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार किया गया।
गौरव जैन पर हत्या के प्रयास, रंगदारी, एनडीपीएस एक्ट और गैंगस्टर सहित करीब एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। वह क्षेत्र में दहशत फैलाने के लिए आए दिन फायरिंग, बमबाजी और मारपीट जैसी घटनाओं को अंजाम देता रहा है।
मंगलवार दोपहर पुलिस ने उसकी दहशत को समाप्त करने के उद्देश्य से उसे चकेरी थाने से हरजिंदर नगर ले जाकर पैदल जुलूस निकाला। जुलूस लाल बंगला बाजार, काजीखेड़ा होते हुए उसके निवास क्षेत्र कालीबाड़ी तक ले जाया गया। इस दौरान भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा, जिससे क्षेत्रीय लोगों में सुरक्षा का संदेश दिया जा सके।
पुलिस उसे उसके घर भी लेकर गई, जहां कार्रवाई के दौरान आरोपित भविष्य में अपराध न करने की बात कहता रहा। इसके बाद उसे पुनः थाने लाया गया और अब उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की तैयारी की जा रही है।
बताया जा रहा है कि आरोपित ने विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के चकेरी स्थित आवास से महज 30 मीटर दूरी पर फायरिंग की थी। इससे पहले भी उसका एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वह एक युवक को पीटते और धमकाते हुए दिखाई दिया था।
गौरव जैन ने करीब 12 वर्ष पूर्व अपराध की दुनिया में कदम रखा था। वर्ष 2016 में रंगदारी न देने पर मारपीट, बलवा और हत्या के प्रयास के आरोप में उसके खिलाफ पहला मुकदमा दर्ज हुआ था। इसके बाद वह क्षेत्र में अपना वर्चस्व स्थापित करने के लिए लगातार आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहा।
आरोप है कि उसने कई बार लोगों के घरों के बाहर फायरिंग कर दहशत फैलाने का प्रयास किया। सफीपुर निवासी रौनक ने भी उसके खिलाफ मामला दर्ज कराया था। रौनक के अनुसार 10 जुलाई की रात वह घर जा रहा था, तभी सुभाष रोड के पास गौरव जैन और उसके साथियों ने उसे रोककर गाली-गलौज की और विरोध करने पर फायरिंग कर दी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गौरव जैन को फायरिंग का बहाना चाहिए होता था। चाहे जन्मदिन की पार्टी हो या कोई अन्य अवसर, वह खुलेआम हथियारों का प्रदर्शन करता था। 15 जनवरी 2025 को उसने जन्मदिन की पार्टी के दौरान बमबाजी और फायरिंग कर क्षेत्र में दहशत फैला दी थी।
इसके अलावा 13 नवंबर को इंस्टाग्राम पर हुए विवाद के चलते उसने एक युवक के पैर में तमंचे से गोली मारकर घायल कर दिया था। इस मामले में उसके खिलाफ चार्जशीट भी दाखिल की जा चुकी है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में लंबे समय से व्याप्त दहशत पर अंकुश लगाने की उम्मीद जताई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button