जगदलपुर सेंट्रल जेल में अनोखी शादी, रेप के आरोपी संग पीड़िता ने लिए सात फेरे
छत्तीसगढ़ के जगदलपुर जिले में एक अनोखी शादी हुई है। युवती ने जिस लड़के पर रेप का आरोप लगाया था उसी से सेंट्रल जेल में शादी रचाई है। कोर्ट के फैसले से दोनों की शादी हुई है।

जगदलपुर/छत्तीसगढ़। जगदलपुर सेंट्रल जेल में एक अनोखी शादी का मामला सामने आया है, जहां एक युवती ने उसी युवक के साथ सात फेरे लिए, जिस पर उसने पहले दुष्कर्म का आरोप लगाया था। कोर्ट के आदेश के बाद जेल परिसर में दोनों का विवाह कराया गया, जिसमें दोनों पक्षों के परिजन, पुलिस और वकील मौजूद रहे।
जानकारी के अनुसार, परपा थाना क्षेत्र के राजूर गांव निवासी सुरेश सेठिया और युवती एक-दूसरे को पहले से जानते थे और दोनों के बीच प्रेम संबंध था। दोनों एक ही पेट्रोल पंप पर काम करते थे, जहां उनकी दोस्ती हुई और धीरे-धीरे यह रिश्ता प्रेम में बदल गया। युवती के अनुसार, युवक ने उससे शादी का वादा किया था, लेकिन बाद में पारिवारिक और सामाजिक कारणों से शादी से इनकार कर दिया।
शादी से इनकार के बाद युवती ने युवक के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया, जिसके तहत एससी/एसटी एक्ट भी लगाया गया। इसके बाद पुलिस ने सुरेश सेठिया को गिरफ्तार कर लिया, और वह पिछले सात महीनों से जेल में बंद था। इस दौरान युवती उससे जेल में मिलने भी जाती रही और दोनों ने अंततः शादी करने का निर्णय लिया।
मामले की जानकारी युवती ने अपने वकील को दी, जिसके बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी कर कोर्ट से अनुमति ली गई। कोर्ट के आदेश के बाद जेल प्रशासन ने केंद्रीय जेल परिसर में मंडप बनवाकर विधिवत विवाह संपन्न कराया।
विवाह के बाद दूल्हे को पुनः जेल भेज दिया गया, जबकि आगे की कानूनी प्रक्रिया के तहत उसकी रिहाई की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है। यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।




