आगरा में लापता तोते ‘माऊ’ की तलाश में 50 हजार का इनाम, होर्डिंग बना चर्चा का विषय

आयकर अधिवक्‍ता सुनील कुमार सिंह को डेढ़ साल पहले एक तोता सड़क पर गिरा मिला था। वह उसे अपने घर ले आए। तोता परिवार का महत्‍वपूर्ण सदस्‍य बन गया।

आगरा/उत्तर प्रदेश। आगरा में एक पालतू तोते की तलाश इन दिनों शहर भर में चर्चा का विषय बनी हुई है। बोदला चौराहे पर लगाए गए एक बड़े होर्डिंग ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया है, जिसमें 13 जुलाई से लापता तोते ‘माऊ’ का सुराग देने वाले को 50 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की गई है।
जानकारी के अनुसार लोहामंडी रोड स्थित बोदला श्रीकांहा रेजीडेंसी निवासी आयकर अधिवक्ता सुनील कुमार सिंह का यह पालतू तोता 13 जुलाई की शाम करीब 4:30 बजे अचानक उड़ गया। इसके बाद से परिवार लगातार उसकी तलाश में जुटा हुआ है। तोते की पहचान के लिए उसकी चोंच और पंखों पर मौजूद काले धब्बों का विवरण भी सार्वजनिक किया गया है। शहर के कई स्थानों पर पोस्टर और होर्डिंग्स लगवाकर लोगों से मदद की अपील की जा रही है।
सुनील कुमार सिंह ने बताया कि उन्हें यह तोता 15 मार्च 2025 को पेड़ से गिरा हुआ मिला था, उस समय उसके पंख पूरी तरह विकसित नहीं हुए थे और वह खुद से खाना भी नहीं खा पाता था। परिवार ने उसकी देखभाल की और उसे अपने हाथों से खाना खिलाकर बड़ा किया। करीब डेढ़ वर्ष में ‘माऊ’ परिवार का अभिन्न हिस्सा बन गया था।
उन्होंने बताया कि ‘माऊ’ घर के सभी सदस्यों को नाम लेकर पुकारता था। वह उनके पिता को ‘पापा’, बेटे निक्की और बेटी श्रृष्टि को उनके नाम से बुलाता था, जबकि उन्हें ‘सुनील’ कहकर आवाज देता था। तोते के लापता होने के बाद से परिवार बेहद व्यथित है। बेटी ने सदमे में खाना छोड़ दिया है, जबकि बेटा भी लगातार उसे याद कर रहा है।
सुनील कुमार रोजाना सुबह चार बजे घर से निकलकर शहर के अलग-अलग इलाकों में तोते की तलाश करते हैं। इस खोज में उनके रिश्तेदार और मित्र भी सहयोग कर रहे हैं। अब तक वे शहर के कई क्षेत्रों में तलाश कर चुके हैं, लेकिन ‘माऊ’ का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
उन्होंने बताया कि ‘माऊ’ को कभी पिंजरे में नहीं रखा गया, बल्कि परिवार के सदस्य की तरह खुला रखा जाता था। वह अक्सर उनके कंधे पर बैठता था और परिवार के साथ हर जगह जाता था। अब परिवार को उम्मीद है कि किसी की सूचना या प्रयास से उनका प्रिय तोता सकुशल मिल जाएगा, इसी आशा में उन्होंने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button