मुरथल के ढाबे पर अब रोबोट परोस रहा खाना, ग्राहकों में दिखा खासा उत्साह

मुरथल के ढाबों का खाना खाने वालों को अब एक नया अनुभव देखने को मिल रहा है। मुरथल के रेशम ढाबे में इंसान की जगह रोबोट खाना परोस रहे हैं।

सोनीपत/हरियाणा। मुरथल के मशहूर ढाबों में अब पारंपरिक खाने के साथ तकनीक का नया अनुभव भी देखने को मिल रहा है। यहां एक ढाबे पर ग्राहकों को खाना परोसने के लिए इंसानी वेटरों के साथ रोबोट वेटर भी तैनात किया गया है। रोबोट को खाना लेकर टेबल तक पहुंचते देख ग्राहक उत्साहित नजर आ रहे हैं। कई ग्राहक रोबोट के साथ वीडियो बनाने और सेल्फी लेने में भी जुटे हैं।
जानकारी के अनुसार, मुरथल स्थित रेशम ढाबे पर भोजन परोसने के लिए इस रोबोट का इस्तेमाल किया जा रहा है। ग्राहक द्वारा खाना ऑर्डर करने के बाद भोजन तैयार होने पर उसे रोबोट की फूड ट्रे में रखा जाता है। इसके बाद रोबोट अपने नेविगेशन सिस्टम की मदद से निर्धारित रास्ते पर चलते हुए संबंधित ग्राहक की टेबल तक पहुंचता है। रोबोट के हाथों में फूड ट्रे फिक्स की गई है, जिस पर भोजन रखकर ग्राहकों तक पहुंचाया जाता है।
ढाबा संचालकों के मुताबिक, रोबोट को बेंगलुरु की एक टीम के संपर्क से तैयार करवाया गया है। इसे सॉफ्टवेयर चिप और रिमोट कंट्रोल की मदद से संचालित किया जाता है। इसमें विशेष नेविगेशन सिस्टम लगाया गया है, जिसकी सहायता से रोबोट निर्धारित रास्ते पर चलते हुए सही टेबल तक पहुंच सकता है।
रोबोट का बाहरी ढांचा फाइबर से तैयार किया गया है। इसकी आंखों में एलईडी लाइट लगाई गई है, जो विशेष रूप से बच्चों को आकर्षित करती है। संचालकों का दावा है कि एक बार चार्ज करने के बाद रोबोट करीब डेढ़ से दो घंटे तक लगातार सेवा देने में सक्षम है।
खास बात यह है कि रेशम ढाबे पर रोबोट से खाना सर्व कराने के लिए ग्राहकों से कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जा रहा है। रोबोट को देखकर ग्राहक उत्सुकता से उसके साथ फोटो और वीडियो बना रहे हैं। कई ग्राहकों का कहना है कि उन्होंने पहली बार किसी ढाबे या होटल में रोबोट को खाना परोसते हुए देखा है।
मुरथल अपने पारंपरिक ढाबों और खान-पान के लिए देशभर में जाना जाता है। ऐसे में पारंपरिक ढाबा संस्कृति के साथ आधुनिक तकनीक का यह मेल यहां आने वाले लोगों के लिए आकर्षण का नया केंद्र बन गया है। ढाबे पर रोबोट वेटर की मौजूदगी न केवल ग्राहकों को भोजन परोसने का अलग अनुभव दे रही है, बल्कि बच्चों और युवाओं के बीच भी खासा कौतूहल पैदा कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button