‘चावल बाबा’ फिर सुर्खियों में, भविष्यवाणी के नाम पर ठगी और दुष्कर्म के आरोप में जेल में बंद

जेल में बंद नरेंद्र नयन शास्त्री एक बार फिर से सुर्खियों में है। इस बार उसके ऊपर धोखाधड़ी का मामला दर्ज हुआ है। आइए आपको बताते हैं कि नरेंद्र नयन शास्त्री कौन है।

रायपुर/एजेंसी। महासमुंद सेंट्रल जेल में बंद नरेंद्र नयन शास्त्री उर्फ ‘चावल बाबा’ एक बार फिर चर्चाओं में हैं। अपनी कथित भविष्यवाणियों और चमत्कारी दावों के जरिए पहचान बनाने वाले बाबा पर अब धोखाधड़ी और दुष्कर्म जैसे गंभीर आरोप लगे हैं। पुलिस कार्रवाई के बाद फिलहाल वह जेल में बंद है, लेकिन उसके दावों और प्रभाव को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
नरेंद्र नयन शास्त्री का महासमुंद क्षेत्र में काफी प्रभाव था और वह लंबे समय से भविष्यवाणी करने के नाम पर लोगों के बीच लोकप्रिय था। वह दावा करता था कि एक मुट्ठी चावल देखकर किसी का भूत और भविष्य बता सकता है, साथ ही जीवन की समस्याओं का समाधान भी करता है। इसी कारण दूर-दूर से लोग उसके पास पहुंचते थे और उसके दरबार में भारी भीड़ जुटती थी।
‘चावल बाबा’ के नाम से मशहूर शास्त्री को ‘चाय वाले बाबा’ भी कहा जाता था। इसके पीछे कारण यह बताया जाता था कि वह अन्न-जल ग्रहण नहीं करता और केवल चाय पर ही जीवन यापन करता है। हालांकि बाद में स्वास्थ्य समस्याओं के चलते उसने भोजन लेना शुरू कर दिया था।
मामले में एक महिला ने गंभीर आरोप लगाए हैं कि वह अपनी समस्या लेकर बाबा के पास पहुंची थी, जहां बाबा ने उसे डराकर कहा कि वह अंधी हो जाएगी। इसके बाद समाधान के नाम पर उसे आश्रम में रात भर रोक लिया गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। काफी समय तक चुप रहने के बाद पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
बताया जा रहा है कि बाबा का रसूख इतना था कि गिरफ्तारी के दौरान उसे मीडिया के सामने नहीं लाया गया। कोर्ट में पेशी के दौरान सामने आई एक तस्वीर में वह चेहरा ढके नजर आया।
बाबा अपने प्रवचनों और दावों के कारण भी चर्चा में रहा है। उसने छत्तीसगढ़ की राजनीति को लेकर कई बड़े दावे किए थे, जिनमें मुख्यमंत्री बदलने तक की भविष्यवाणी शामिल थी। वह यह भी कहता था कि किस विधानसभा सीट से कौन उम्मीदवार कितने वोटों से जीतेगा, इसकी भी जानकारी दे सकता है।
प्रदेश के विभिन्न जिलों में उसके प्रवचन आयोजित होते थे, जहां बड़ी संख्या में लोग जुटते थे। यहां तक कि उसके दरबार में कई प्रभावशाली लोग और नेता भी पहुंचते थे, जिससे उसका प्रभाव लगातार बढ़ता गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आगे की कार्रवाई जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button