बद्रीनाथ मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में निजी सचिव निलंबित, हो सकती है कानूनी कार्रवाई
बद्रीनाथ धाम में चढ़ावा चोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। मंदिर समिति ने कमेटी के अध्यक्ष के निजी सचिव को निलंबित कर दिया है। साथ ही नोटिस जारी किया है।

देहरादून/एजेंसी। राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले के बाद बद्रीनाथ मंदिर में चढ़ावा चोरी का केस गरमाता जा रहा है। बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति ने कार्रवाई करते हुए कमेटी अध्यक्ष के निजी सचिव को प्रमोद नौटियाल को निलंबित कर दिया है। साथ ही आरोपी प्रमोद नौटियाल को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। मंदिर की ओर से जारी नोटिस के अनुसार, 2 जुलाई 2026 को परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगाला गया, जिसमें प्रमोद नौटियाल गणना स्थान पर सामान्य गिनती के अलावा कुछ चीजें अपने साथ रख ली थी।
मंदिर समिति ने सबूतों और फुटेज के आधार पर आरोपी से 48 घंटे के भीतर लिखित सफाई मांगी है। नोटिस में कहा गया है कि बताएं कि उसने अपने पास क्या रखा था। मंदिर समिति ने कहा कि अगर प्रमोद नौटियाल सफाईल नहीं देते हैं, तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, उत्तराखंड सरकार पूरे मामले की जांच कमिश्नर गढ़वाल आनंद स्वरूप को सौंप सकती हैं।
उधर, बसपा मुखिया मायावती ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा है कि यूपी के अयोध्या में श्री राम मंदिर के बाद अब उत्तराखंड राज्य में भी बद्रीनाथ धाम चढ़ावा में चोरी और गबन आदि होने का मामला काफी सुर्ख़ियों में हैं। इन दोनों विख्यात धार्मिक स्थलों में इनके ट्रस्ट से जुड़े मुख्य प्रबन्धकों की भी सही से जांच होनी चाहिए वरना फिर आगे चलकर इनकी आड़ में इनके स्थान पर दूसरे बने मुख्य प्रबन्धक भी इसका दुरुपयोग कर सकते हैं, क्योंकि ऐसी आम चर्चा है कि निचले स्तर पर जो भी गड़बड़ी हुई है, तो उसके लिए या तो मुख्य प्रबन्धकों की मिलीभगत है या फिर उनकी लापरवाही की वजह से यह सबकुछ हुआ है।




