हैदराबाद में डीएसपी के पास 300 करोड़ की संपत्ति का खुलासा, एसीबी ने किया गिरफ्तार
तेलंगाना में पुलिस कंप्यूटर सर्विसेज के डीएसपी संकीरेड्डी भीम रेड्डी को आय से अधिक संपत्ति के मामले में गिरफ्तार किया गया है। छापेमारी में 300 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति का खुलासा हुआ, जिसमें नकदी, सोना, चांदी और कई बेनामी संपत्तियां शामिल हैं।

हैदराबाद/एजेंसी। तेलंगाना में आय से अधिक संपत्ति के एक बड़े मामले का खुलासा हुआ है। एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने हैदराबाद में तैनात पुलिस अधिकारी संकीरेड्डी भीम रेड्डी को करोड़ों रुपये की अवैध संपत्ति के आरोप में सोमवार शाम गिरफ्तार कर लिया।
संकीरेड्डी भीम रेड्डी हैदराबाद पुलिस कंप्यूटर सर्विसेज में डिप्टी सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (डीएसपी) के पद पर कार्यरत हैं। उन्हें इब्राहिमबाग स्थित वेसेला मीडोज में उनके आवास से शाम करीब 7 बजे गिरफ्तार किया गया।
एसीबी के अनुसार, आरोपी के पास लगभग 300 करोड़ रुपये की गैर-कानूनी संपत्ति होने का आरोप है। जांच में सामने आया है कि इस संपत्ति का बड़ा हिस्सा तेलंगाना और कर्नाटक में उनके रिश्तेदारों, मित्रों और कथित बेनामीदारों के नाम पर रखा गया है।
तलाशी के दौरान अधिकारियों को रेड्डी के घर से 3.60 लाख रुपये नकद, करीब 2 किलो सोने के आभूषण और लगभग 20 किलो चांदी के सामान बरामद हुए। इसके अलावा एक कथित बेनामीदार के घर से 40 लाख रुपये नकद और मिले, जबकि विभिन्न बैंक खातों में लगभग 20 लाख रुपये की राशि पाई गई।
एसीबी ने बताया कि आरोपी के पास संपत्तियों की लंबी सूची है। इनमें इब्राहिमबाग में एक विला, टेलीकॉम नगर में एक रिहायशी मकान और एक फ्लैट, गाचीबोवली में एक फ्लैट, लैंकोहिल्स रोड पर 500 वर्ग गज का कमर्शियल कॉम्प्लेक्स तथा मणिकोंडा क्षेत्र में 3000 वर्ग फीट का व्यावसायिक स्थान शामिल है।
इसके अतिरिक्त तेल्लापुर में दो लग्जरी फ्लैट, प्रगति रिसॉर्ट्स के पास 500 वर्ग गज का प्लॉट, जहीराबाद में 3.5 एकड़ कृषि भूमि, कर्नाटक में 6 और 38 एकड़ की कृषि जमीन, बेंगलुरु के देवनहल्ली में एक एकड़ भूमि तथा नागोल में 200 वर्ग गज का प्लॉट भी उनके नाम या उनसे जुड़े लोगों के नाम पर पाया गया है।
जांच में यह भी सामने आया है कि जीपीआर हाउसिंग सोसाइटी के पास 400 वर्ग गज का प्लॉट, पटनचेरु में 200 वर्ग गज का प्लॉट, मोमिनपेट में 1000 वर्ग गज भूमि और 2 एकड़ कृषि जमीन, राघवेंद्र रॉक सैंड मिनरल्स में 75 लाख रुपये का निवेश तथा मुचिंताला गांव में 4 से 20 एकड़ तक कृषि भूमि भी आरोपी से संबंधित है।
एसीबी अधिकारियों ने बताया कि 2 जुलाई को रेड्डी से जुड़े 16 ठिकानों पर छापेमारी की गई थी। इस दौरान एक हस्तलिखित व्यक्तिगत डायरी बरामद हुई, जिसमें संपत्तियों, निवेश, देनदारियों और कथित बेनामीदारों का विस्तृत विवरण दर्ज था।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने मई माह में अपनी पत्नी के साथ चारधाम यात्रा पर जाने से पहले इस डायरी को लिखकर उसकी स्कैन कॉपी व्हाट्सऐप के माध्यम से अपने दोनों बेटों को भेजी थी। फिलहाल एसीबी मामले की विस्तृत जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है।




