मशहूर अभिनेता पंकज त्रिपाठी के भाई पर जानलेवा हमला, हालत नाजुक
कुल्हाड़ी से हमले में घायल फिल्म एक्टर पंकज त्रिपाठी के बड़े भाई विजेंद्र नाथ तिवारी की हालत अब स्थिर बताई जा रही है। एक्टर खुद शूटिंग छोड़कर उनके पास अस्पताल पहुंच गए हैं।

गोपालगंज/बिहार। बॉलीवुड के मशहूर एक्टर पंकज त्रिपाठी के बड़े भाई विजेंद्र नाथ तिवारी पर हुए हमले के बाद पुलिस आरोपियों पर शिंकजा कसने में लग गई है। पड़ोसी द्वारा धारदार हथियार से हमला करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी राजेश साह को पहले ही गिरफ्तार कर लिया है। अब इस केस में माधोपुर थाने में 5 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। इस बीच जैसे ही पंकज त्रिपाठी को अपने भाई के घायल होने की खबर मिली, वह तुरंत पटना पहुंच गए हैं।
विजेंद्र नाथ तिवारी का इलाज पटना के पास दानापुर के अस्पताल में इलाज चल रहा है। उनके परिजन फिलहाल अस्पताल में मौजूद हैं। इस मामले में अन्य आरोपी अभी भी फरार चल रहे हैं। पंकज त्रिपाठी के गांव बेलसंड में सन्नाटा पसरा हुआ है। जबकि पंकज त्रिपाठी के घर के आसपास के लोग कुछ भी बोलने से साफ कतरा रहे हैं। इस हाई प्रोफाइल मामले को लेकर गोपालगंज पुलिस भी अलर्ट मोड पर है। प्राथमिकी दर्ज होते ही पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर छापामारी तेज कर दी है।
दरअसल पंकज त्रिपाठी के बड़े भाई विजेंद्र नाथ तिवारी के ऊपर रविवार की देर शाम पड़ोसियों ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया था। कुल्हाड़ी से हमला होने के बाद विजेंद्र नाथ तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें आनन फानन में परिजनों ने मॉडल अस्पताल गोपालगंज पहुंचाया। यहां से उनके नाजुक हालत को देखते हुए देर रात चिकित्सकों ने पटना के लिए रेफर कर दिया। विजेंद्र नाथ तिवारी के गर्दन के पास गहरे घाव के निशान हैं।
इस मामले में गोपालगंज एसपी विनय तिवारी ने बताया कि एक आरोपी राजेश साह को घटना के तत्काल बाद ही गिरफ्तार कर लिया गया है। जबकि इस मामले में खून से सने कपड़े और घटना में इस्तेमाल किए गए कुल्हाड़ी को भी जब्त कर लिया गया है। एफएसएल की टीम ने मौके पर पहुंचकर सैंपल भी कलेक्ट कर लिए हैं। पूरे मामले की साइंटिफिक तरीके से जांच शुरू कर दी गई है।
पंकज त्रिपाठी के भतीजे अजीत उपाध्याय ने इस मामले में माधोपुर थाने में कुल पांच लोगों को नामजद किया है। इसमें राजेश साह के अलावा दिनेश साह, सूरज सोनी, रवि सोनी और बेबी देवी को नामजद अभियुक्त बनाया गया है। इन पर आरोप हैं कि पुरानी रंजिश के चलते विजेंद्र नाथ तिवारी पर जानलेवा हमला किया गया।
विजेंद्र तिवारी पर कुल्हाड़ी से वार किया गया था। गंभीर रूप से घायल होने की वजह से उन्हें पटना रेफर किया गया। अभी भी वह आईसीयू में हैं। पंकज त्रिपाठी के भतीजे ने बताया कि अभी उनके चाचा विजेंद्र नाथ तिवारी की हालत स्थिर है। उनका आईसीयू में इलाज चल रहा है। ज्यादा ब्लीडिंग होने की वजह से उनको अभी आईसीयू में ही रखा गया है। लेकिन अब उनकी स्थिति पहले से स्टेबल बताई जा रही है।




