एम.एस. पार्क थाना पुलिस की बड़ी सफलता, शातिर चोर गिरफ्तार; 36 घंटे में सुलझा रात की चोरी का मामला

राजीव कुमार गौड़/दिल्ली ब्यूरो। एम.एस. पार्क थाना पुलिस की क्रैक टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रात में हुई चोरी की वारदात का 36 घंटे के भीतर खुलासा कर एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया लैपटॉप भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार 15 जून 2026 को एक आवासीय मकान में रात के समय चोरी होने की सूचना पीसीआर कॉल के माध्यम से प्राप्त हुई थी। इस पर थाना एम.एस. पार्क में ई-एफआईआर संख्या 80049624/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले को सुलझाने के लिए थाना पुलिस की एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें एएसआई सुनील कुमार, हेड कांस्टेबल अनुज, हेड कांस्टेबल प्रदीप, हेड कांस्टेबल दीपक, हेड कांस्टेबल अभय पंवार, हेड कांस्टेबल जितेंद्र तथा एएसआई राहुल (टीएसटी) शामिल थे। इस टीम का नेतृत्व एम.एस. पार्क थाना एसएचओ इंस्पेक्टर राजेश कुमार मिश्रा द्वारा किया गया, जबकि एसीपी सीमापुरी मुकेश कुमार के पर्यवेक्षण में कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
तकनीकी निगरानी और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान रफीकुल उर्फ भोक्ति उर्फ मोगती उर्फ नाटा (32) निवासी न्यू सीमापुरी, दिल्ली के रूप में की। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके घर से इस मामले से संबंधित चोरी किया गया एक लैपटॉप बरामद किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि वह नशे का आदी है और अपनी लत व व्यक्तिगत खर्चों को पूरा करने के लिए चोरी और सेंधमारी की घटनाओं को अंजाम देता है। पुलिस द्वारा उससे अन्य मामलों में संलिप्तता के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है तथा अन्य चोरी का सामान बरामद करने के प्रयास जारी हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी एक आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से चोरी, स्नैचिंग, आर्म्स एक्ट तथा घर में सेंधमारी के लगभग 15 मामले दर्ज हैं। आरोपी की गिरफ्तारी से एम.एस. पार्क थाना क्षेत्र के कई अन्य मामलों का भी खुलासा हुआ है। पुलिस ने बताया कि इस कार्रवाई में एम.एस. पार्क थाना एसएचओ राजेश कुमार मिश्रा, एएसआई राहुल, एएसआई सुनील कुमार, हेड कांस्टेबल अनुज, हेड कांस्टेबल प्रदीप और हेड कांस्टेबल दीपक की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मामले की आगे की जांच जारी है।




