कालकाजी में बैंक्विट हॉल में भीषण आग, सिलिंडर धमाकों से दहशत; बुजुर्ग महिला को सुरक्षित निकाला
कालकाजी के एक बैंक्विट हॉल में तंदूर से लगी आग ने पूरी इमारत को चपेट में ले लिया। आग के दौरान कई कमर्शियल सिलिंडर फटे। दमकलकर्मियों ने 70 वर्षीय सीता देवी को सुरक्षित बचाया। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन भारी नुकसान हुआ।

नई दिल्ली। कालकाजी क्षेत्र के कृष्णा मार्केट स्थित एक चार मंजिला इमारत में रविवार तड़के भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई। आग बैंक्विट हॉल के तंदूर से लगने की आशंका है, जिसने कुछ ही देर में पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। आग के दौरान चार कमर्शियल सिलिंडर धमाकों के साथ फट गए, जबकि मौके से कुल 10 जले हुए सिलिंडर बरामद किए गए।
दमकल विभाग के अनुसार सुबह करीब 4:45 बजे आग की सूचना मिलने पर कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद 5:55 बजे आग पर काबू पाया गया। इमारत के बेसमेंट से लेकर ऊपरी मंजिल तक रखा अधिकांश सामान जलकर खाक हो गया।
आग की चपेट में पीछे स्थित एक मकान भी आ गया, जहां पहली मंजिल पर फंसी 70 वर्षीय सीता देवी को दमकलकर्मियों ने कुर्सी से बांधकर सुरक्षित बाहर निकाला। परिवार के अन्य सदस्य बालकनी के रास्ते नीचे उतर गए। प्रारंभिक जांच में तंदूर को पूरी तरह बंद न करने और उसके आसपास ज्वलनशील सामान व सिलिंडर रखे होने को आग का कारण माना जा रहा है। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। मामले की जांच जारी है।




