मध्यप्रदेश के विदिशा में सब इंस्पेक्टर ने शादी का झांसा देकर युवती से किया रेप, एसपी ने किया सस्पेंड कर भेजा जेल
विदिशा जिले में खाकी को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। सिविल लाइन थाने में पदस्थ सब इंस्पेक्टर जयप्रकाश रसीले पर शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। एसपी रोहित काशवानी ने आरोपी को निलंबित कर जेल भेज दिया है।

विदिशा/मध्यप्रदेश। विदिशा जिले से खाकी को दागदार करने वाली एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां सिविल लाइन थाने में पदस्थ एक सब इंस्पेक्टर पर शादी का झांसा देकर युवती के साथ दुराचार करने के गंभीर आरोप लगे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी ने आरोपी सब इंस्पेक्टर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला लटेरी क्षेत्र की रहने वाली है। उसने आरोप लगाया कि विदिशा के सिविल लाइन थाने में पदस्थ सब इंस्पेक्टर जयप्रकाश रसीले ने उसे शादी का झांसा दिया और उसके साथ दुराचार दिया। जब पीड़िता ने इस बात की शिकायत जिले के आला अधिकारियों से की, तो पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
शिकायत मिलते ही विदिशा एसपी रोहित काशवानी ने पूरे मामले को गंभीरता से लिया। उन्होंने तत्काल मामले की जांच के आदेश दिए। प्राथमिक जांच में सब इंस्पेक्टर जयप्रकाश रसीले के खिलाफ आरोप सही पाए गए, जिसके बाद एसपी ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी सब इंस्पेक्टर को सस्पेंड कर दिया। बता दें कि आरोपी जेपी रसीले 2016 बैच का पुलिस अधिकारी है।
मामले की पुष्टि करते हुए विदिशा के एडिशनल एसपी प्रशांत चौबे ने बताया कि आरोपी सब इंस्पेक्टर जयप्रकाश रसीले के खिलाफ पीड़िता की शिकायत पर सिविल लाइन थाने में गंभीर धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।




