कॉकरोच जनता पार्टी का प्रस्तावित प्रदर्शन, जंतर-मंतर और आईजीआई एयरपोर्ट पर कड़ी सुरक्षा

कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। जंतर-मंतर और आईजीआई एयरपोर्ट के आसपास विशेष निगरानी रखी जा रही है।

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) द्वारा प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। पुलिस ने जंतर-मंतर और इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) एयरपोर्ट के आसपास विशेष निगरानी और सुरक्षा प्रबंध किए हैं ताकि किसी भी संभावित स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल किसी बड़े जनसमूह के जुटने या कानून-व्यवस्था बिगड़ने जैसी कोई ठोस सूचना नहीं है, लेकिन एहतियात के तौर पर सुरक्षा इंतजाम मजबूत किए गए हैं। पार्टी की तरफ से अभी तक प्रदर्शन करने की अनुमति भी नहीं मांगी गई है।
संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और स्थानीय पुलिस के साथ-साथ यातायात पुलिस को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। जंतर-मंतर राजधानी में विभिन्न संगठनों और समूहों के प्रदर्शन का प्रमुख स्थल माना जाता है, वहां सुरक्षा व्यवस्था की विशेष समीक्षा की गई है। प्रदर्शन स्थल के आसपास पुलिस कर्मियों की संख्या बढ़ाई गई है और आने-जाने वाले लोगों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरों और अन्य तकनीकी संसाधनों के जरिए निगरानी को और मजबूत किया गया है।
वहीं, देश के सबसे व्यस्त हवाई अड्डों में शामिल आईजीआई एयरपोर्ट के आसपास भी सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने भी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। अधिकारियों का कहना है कि यदि किसी स्थान पर यातायात प्रभावित होने की आशंका बनती है तो वैकल्पिक मार्गों का उपयोग कराया जाएगा। साथ ही लोगों को समय-समय पर यातायात संबंधी अपडेट उपलब्ध कराए जाएंगे। दिल्ली पुलिस का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त सुरक्षा बल भी तैनात किए जा सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button