फतेहपुर में अवैध क्लीनिकों पर बड़ी कार्रवाई, सैकड़ों केंद्र बंद, दो दिन में पंजीकरण के निर्देश

सत्येंद्र शुक्ला,फतेहपुर/उत्तर प्रदेश। जिले में स्वास्थ्य विभाग ने अवैध रूप से संचालित क्लीनिकों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाते हुए खखरेरू थाना क्षेत्र में सैकड़ों क्लीनिकों पर कार्रवाई की है। बिना पंजीकरण के चल रहे इन क्लीनिकों को तत्काल प्रभाव से बंद कराते हुए उनके बाहर नोटिस चस्पा कर दिए गए हैं और संचालकों को दो दिन के भीतर वैध पंजीकरण कराने के निर्देश दिए गए हैं।
यह कार्रवाई जिले के नए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. उदयभान सिंह के पदभार ग्रहण करने के बाद तेज हुई है। उनके कार्यभार संभालते ही स्वास्थ्य विभाग अवैध चिकित्सा गतिविधियों पर सख्ती से नकेल कसने के लिए सक्रिय हो गया है। सीएमओ के निर्देश पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में तैनात अधीक्षकों को विशेष अधिकार दिए गए हैं, जिसके तहत स्थानीय स्तर पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
इसी क्रम में खखरेरू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. राजू राव के नेतृत्व में टीम ने क्षेत्र के खखरेरू, कुल्ली, शिवपुरी, राक्षपालपुर, घरवाशिपुर तथा बरैपुर चौराहे सहित विभिन्न स्थानों पर छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान बड़ी संख्या में अवैध क्लीनिकों को बंद कराया गया और संचालकों को स्पष्ट चेतावनी दी गई कि निर्धारित समय सीमा में पंजीकरण न कराने पर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और अवैध रूप से चिकित्सा सेवाएं चला रहे लोगों में खलबली देखी जा रही है। विभाग ने संकेत दिए हैं कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और जनपद में बिना अनुमति संचालित किसी भी स्वास्थ्य केंद्र को बख्शा नहीं जाएगा। प्रशासन का कहना है कि आमजन को सुरक्षित और मानक के अनुरूप चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है और इसके लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button