मेरठ रेंज में चार जिलों से छह माह में 194 इनामी अपराधी गिरफ्तार, डीआईजी कलानिधि नैथानी बोले- अभियान जारी रहेगा

मेरठ रेंज में 6 माह में 194 ईनामी बदमाशो को पुलिस ने पकड़ जेल भेज चुकी है, पहले गए बदमाशो में 50 हजार से लेकर 5 हजार तक के बदमाश शामिल है।

मेरठ/उत्तर प्रदेश। मेरठ रेंज में वर्ष 2026 चार जिलों की पुलिस ने अब तक 194 इनामी और वांछित अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। डीआईजी कलानिधि नैथानी का कहना है कि अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। डीआईजी मेरठ रेंज कलानिधि नैथानी ने बताया कि प्रभावी सूचना तंत्र, सतत निगरानी और सक्रिय पुलिसिंग के चलते इनामी बदमाशों की धरपकड़ में रेंज में उल्लेखनीय सफलता मिली है। कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और अपराधियों में पुलिस का भय कायम रखने के उद्देश्य से रेंज के सभी जिलों में विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
मेरठ रेंज के पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार किए गए 194 इनामियों में 50 हजार रुपये के 19, 25 हजार रुपये के 120, 20 हजार रुपये के 17, 15 हजार रुपये के 10, 10 हजार रुपये के 27 तथा 5 हजार रुपये के एक इनामी अपराधी शामिल हैं। जिलावार आंकड़ों पर नजर डालें तो मेरठ जनपद सबसे आगे रहा, जहां 77 इनामी अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें 50 हजार रुपये के तीन और 25 हजार रुपये के 71 इनामी शामिल हैं। वहीं बुलंदशहर पुलिस ने 76 इनामियों को गिरफ्तार कर दूसरा स्थान हासिल किया। यहां 50 हजार रुपये के 11, 25 हजार रुपये के 25, 20 हजार रुपये के चार, 15 हजार रुपये के नौ और 10 हजार रुपये के 27 इनामी बदमाश पकड़े गए।
बागपत जिले में 26 इनामी अपराधियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें 50 हजार रुपये के तीन और 25 हजार रुपये के 23 इनामी शामिल हैं। हापुड़ पुलिस ने 15 इनामी अपराधियों को गिरफ्तार किया, जिनमें 50 हजार रुपये के दो, 25 हजार रुपये का एक और 20 हजार रुपये के 12 इनामी बदमाश शामिल हैं। डीआईजी कलानिधि नैथानी ने जनता से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि जो इनामी अपराधी अभी फरार हैं, उनकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने सभी जिलों के पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि कुख्यात अपराधियों पर घोषित इनाम की राशि बढ़ाने की प्रक्रिया तेज की जाए और शेष फरार इनामियों की गिरफ्तारी की साप्ताहिक समीक्षा स्वयं वरिष्ठ अधिकारी करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button