बारिश के बीच भी सुचारु रही वैष्णो देवी यात्रा, हजारों श्रद्धालु पहुंचे भवन

शनिवार को कटड़ा में रिमझिम बारिश और सुहावने मौसम के बावजूद माता वैष्णो देवी की यात्रा सुचारु रूप से जारी रही, जिससे श्रद्धालुओं को गर्मी से राहत मिली।

सुदेश शर्मा,कटड़ा/जम्मू। शनिवार को मौसम में आए अचानक बदलाव और रिमझिम बारिश के बावजूद माता वैष्णो देवी की यात्रा पूरी तरह सुचारु रूप से जारी रही। त्रिकूट पर्वत और आधार शिविर कटड़ा के आसपास सुबह से ही घने बादलों का डेरा रहा। ठंडी हवाओं और हल्की बारिश ने मौसम को सुहावना बना दिया, जिससे श्रद्धालुओं को गर्मी से राहत मिली।
सुबह शुरू हुई रिमझिम बारिश दो से तीन घंटे तक रुक-रुक कर जारी रही। इस दौरान भवन मार्ग पर जा रहे श्रद्धालुओं को कई स्थानों पर बने शेड और विश्राम स्थलों का सहारा लेना पड़ा। हालांकि प्रतिकूल मौसम का श्रद्धालुओं के उत्साह पर कोई असर नहीं पड़ा और वे जयकारे लगाते हुए अपनी यात्रा जारी रखते रहे।
खराब मौसम के कारण हेलीकॉप्टर सेवा दोपहर तक प्रभावित रही और उड़ानों का संचालन अस्थायी रूप से रोक दिया गया। मौसम में सुधार के बाद सेवाओं को पुनः सामान्य करने की प्रक्रिया शुरू की गई। दोपहर बाद मौसम साफ हो गया और धूप निकलने से यात्रियों को राहत मिली, हालांकि ठंडी हवाएं दिनभर चलती रहीं।
इन दिनों माता वैष्णो देवी यात्रा में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। प्रतिदिन 38 हजार से 43 हजार के बीच श्रद्धालु कटड़ा पहुंच रहे हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है। बाजारों, होटल परिसरों और यात्रा मार्गों पर दिनभर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली।
श्रद्धालु यात्रा पंजीकरण केंद्रों पर पंजीकरण कर आरएफआईडी यात्रा कार्ड प्राप्त करने के बाद भवन की ओर रवाना होते रहे। यात्रा मार्ग पर सुरक्षा और सुविधा के लिए श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड, पुलिस, सीआरपीएफ और आपदा प्रबंधन दल के जवान तैनात रहे तथा समय-समय पर यात्रियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
आंकड़ों के अनुसार 29 मई को 40,300 श्रद्धालुओं ने माता वैष्णो देवी के दर्शन किए थे। वहीं शनिवार शाम चार बजे तक करीब 29 हजार श्रद्धालु पंजीकरण कर भवन की ओर रवाना हो चुके थे। देर शाम तक श्रद्धालुओं का आगमन जारी रहने से यात्रा संख्या में और वृद्धि की संभावना जताई जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button