गाजियाबाद में ऑनलाइन मादक पदार्थ तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, चार गिरफ्तार

गाजियाबाद। पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद की स्वाट टीम और थाना मधुबन बापूधाम पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भारी मात्रा में गांजा, चरस और स्मैक सहित अन्य सामान बरामद किया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी अभिषेक अपने साथियों शिवम मिश्रा, दीपक और सूरज के साथ मिलकर लंबे समय से अवैध मादक पदार्थों की तस्करी कर रहा था। आरोपी बिहार निवासी विवेक नामक व्यक्ति से ऑनलाइन भुगतान के माध्यम से मादक पदार्थ मंगवाते थे और उन्हें फर्जी पतों पर कोरियर के जरिए प्राप्त करते थे।
इसके बाद आरोपी ग्राहकों से ऑनलाइन ऑर्डर लेकर यूपीआई के जरिए भुगतान प्राप्त करते और ‘पोर्टर’ प्लेटफॉर्म के माध्यम से अलग-अलग स्थानों से पिकअप दिखाकर मादक पदार्थों की डिलीवरी करते थे, ताकि उनकी पहचान छिपी रहे। पुलिस के अनुसार, आरोपी पैकिंग के लिए अमेजन की पॉलिथीन का इस्तेमाल करते थे जिससे अवैध सामग्री की पहचान न हो सके।
गिरोह द्वारा विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों और हॉस्टलों के व्हाट्सएप ग्रुप में जुड़कर छात्रों को निशाना बनाया जा रहा था और ऑनलाइन माध्यम से उन्हें मादक पदार्थ उपलब्ध कराए जाते थे। पुलिस का मानना है कि इनकी गिरफ्तारी से शैक्षणिक संस्थानों में मादक पदार्थों की सप्लाई पर प्रभावी रोक लगेगी।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 16 किलो से अधिक विभिन्न प्रकार का गांजा, 60 ग्राम चरस और 6 ग्राम स्मैक बरामद की है, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 20 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा तस्करी में प्रयुक्त कार, मोटरसाइकिल और स्कूटी भी जब्त की गई हैं।
आपराधिक इतिहास की जांच में सामने आया है कि आरोपी शिवम मिश्रा के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है, जबकि अन्य आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। पुलिस टीम द्वारा की गई इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है और मामले में आगे की जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button