पाकिस्तानी महिला सीमा हैदर और सचिन के नाम पर फर्जीवाड़ा

650 करोड़ रुपये के आईटीसी घोटाले में चौंकाने वाले खुलासे

नोएडा। उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा में रहने वाली पाकिस्तानी महिला सीमा हैदर और सचिन मीणा एक बार फिर चर्चा में हैं। देश को हिला देने वाले 650 करोड़ रुपये के इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) घोटाले की जांच में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़े खुलासे किए हैं। सामने आया है कि इस घोटाले में न केवल हवाला कारोबारियों और फर्जी कंपनियों का नेटवर्क शामिल था। पाकिस्तानी मूल की सीमा हैदर और उसके भारतीय पति सचिन के नाम और फोटो का भी गलत इस्तेमाल किया गया।
ईडी की जांच के मुताबिक, बिहार के दरभंगा निवासी आशुतोष झा और विपिन झा इस पूरे खेल के बड़े चेहरे हैं। दोनों चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं। इन पर आरोप है कि इन्होंने सीमा हैदर और सचिन के नाम से फर्जी आईडी बनाकर अरुणाचल प्रदेश सरकार से करीब 99.21 करोड़ रुपये की हेराफेरी की।
ईडी की रिपोर्ट में बताया गया है कि इस नेटवर्क ने देशभर में शेल कंपनियां बनाई थीं। इन कंपनियों के नाम पर बिना वास्तविक कारोबार किए फर्जी बिल तैयार किए गए। इन लेन-देन के जरिए आईटीसी का गलत लाभ उठाया गया। सरकार को कुल मिलाकर 650 करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचाया गया। संदेह है कि इस रकम का बड़ा हिस्सा हवाला और अवैध कारोबार में खपाया गया।
यह पहला मौका नहीं है जब झा बंधु आशुतोष झा और विपिन झा इस तरह के अपराध में फंसे हों। वर्ष 2024 में अरुणाचल प्रदेश पुलिस ने इन्हें गिरफ्तार किया था। उस समय उन पर 100 करोड़ रुपये के आईटीसी  घोटाले का आरोप लगा था। ईडी ने दिल्ली, हरियाणा, तमिलनाडु, तेलंगाना और अरुणाचल प्रदेश में एक साथ छापेमारी की। कार्रवाई 11 सितंबर की सुबह 5 बजे शुरू हुई।
इटानगर स्थित ईडी ऑफिस ने डिजिटल और डॉक्यूमेंटरी सबूत कब्जे में लिए। एजेंसी का कहना है कि आरोपियों से जल्द पूछताछ होगी। इस घोटाले की सबसे खतरनाक बात यह है कि इसमें आम लोगों के नाम और पहचान तक का दुरुपयोग किया गया। सीमा हैदर और सचिन जैसे चर्चित नामों का इस्तेमाल कर फर्जीवाड़े को और मजबूत करने की कोशिश हुई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button