वजीराबाद क्षेत्र में पुलिस ने चलाया कॉर्डन एंड सर्च ऑपरेशन,अपराधियों पर कसा शिकंजा

दिल्ली ब्यूरो। उत्तर दिल्ली के वजीराबाद थाना क्षेत्र के अंतर्गत मिलन विहार पुस्ता रोड पर पुलिस द्वारा कॉर्डन एंड सर्च ऑपरेशन (CASO) चलाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी और सुरक्षा बलों के जवानों ने इलाके को चारों ओर से घेरकर सघन तलाशी अभियान चलाया। इस विशेष अभियान का नेतृत्व उत्तरी जिले के पुलिस उपायुक्त राजा बाठिया ने स्वयं किया।
अभियान के दौरान गैंगस्टरों व बदमाशों की तलाश, अवैध हथियारों और नशीले पदार्थों की बरामदगी, संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की जांच सहित विभिन्न पहलुओं पर कार्रवाई की गई। पुस्ता रोड क्षेत्र में अंधेरा अधिक रहने और आपराधिक गतिविधियों की आशंका को देखते हुए यहां विशेष रूप से यह अभियान चलाया गया। इस दौरान डीसीपी के साथ क्षेत्र के एसीपी, थाना वजीराबाद के एसएचओ सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
पुलिस के अनुसार, यमुना किनारे स्थित इस सड़क पर अक्सर असामाजिक तत्वों की गतिविधियां देखी जाती हैं, जिससे क्षेत्र में असुरक्षा की भावना बनी रहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए अचानक यह सघन अभियान चलाया गया।
डीसीपी राजा बाठिया ने बताया कि पेट्रोलिंग के इस विशेष अभियान को कॉर्डन एंड सर्च ऑपरेशन कहा जाता है, जिसमें ड्रग्स, पब्लिक ड्रिंकिंग और अन्य अपराधों के हॉटस्पॉट्स को चिन्हित कर घेराबंदी की जाती है और उसके भीतर पुलिस बल द्वारा व्यापक सर्चिंग की जाती है। इस दौरान किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाती है।
उन्होंने बताया कि इस तरह के अभियान पैरामिलिट्री बलों के सहयोग से लगातार विभिन्न इलाकों में चलाए जा रहे हैं। ऐसे अभियानों का सकारात्मक प्रभाव भी देखने को मिला है, जहां CASO किए जाने वाले क्षेत्रों में पीसीआर कॉल्स और अपराध की घटनाओं में कमी दर्ज की गई है। साथ ही आम जनता में सुरक्षा का एहसास भी बढ़ा है। पुलिस का कहना है कि इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखते हुए अपराध पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।




