बकरीद से पहले बवाल: मुंबई की सोसाइटी में आपस में भिड़े दो गुट, जमकर चले लाठी-डंडे
मुंबई के मीरा रोड इलाके में बकरीद से पहले रिहायशी सोसाइटी में बकरियों को रखने को लेकर तनाव भड़क गया, जिससे दो गुटों में झड़प हो गई।

मुंबई/एजेंसी। मुंबई के मीरा रोड इलाके में मंगलवार को अचानक तनाव भड़क गया। बकरीद की तैयारियों के बीच पूनम क्लस्टर सोसाइटी के पास रिहायशी परिसर में बकरियों को रखे जाने को लेकर स्थानीय लोगों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो बाद में टकराव का रूप ले लिया। रिपोर्टों के अनुसार, ठाणे के हाउसिंग कॉम्प्लेक्स के कुछ लोगों ने ईद-उल-अज़हा के दौरान धार्मिक कुर्बानी के लिए बकरियों को सोसाइटी के अंदर रखने पर आपत्ति जताई।
इस आपत्ति के बाद विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया, जो जल्द ही झड़प में बदल गया। स्थिति को कंट्रोल करने के लिए इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दी गई है। यह विवाद इसलिए देखने को मिला क्योंकि मुंबई की मेयर रितु तावड़े और भाजपा के कई नेताओं ने बीएमसी से एक सर्कुलर जारी करने का आग्रह किया है। जिसमें हाउसिंग सोसाइटी के अंदर बकरा ईद के दौरान बकरियों की कुर्बानी पर पूरी तरह बैन लगाने की मांग की गई है।
भाजपा के पूर्व सांसद किरीट सोमैया ने हाल ही में मेयर रितु तावड़े, नागरिक स्थायी समिति के अध्यक्ष प्रभाकर शिंदे, बीएमसी में भाजपा नेता गणेश खांकर और नागरिक उद्यान समिति की अध्यक्ष हेतल गाला के साथ बैठक की। बैठक के बाद इन नेताओं ने बीएमसी कमिश्नर अश्विनी भिड़े को पत्र लिखकर रिहायशी इलाकों में जानवरों की कुर्बानी पर रोक लगाने की मांग की।
मुस्लिम समुदाय के नेताओं ने इस तरह के किसी भी सर्कुलर का विरोध करते हुए चेतावनी दी है कि इससे कानून-व्यवस्था की समस्या पैदा हो सकती है और त्योहार के मौके पर सांप्रदायिक तनाव बढ़ सकता है। वर्तमान में मीरा रोड इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। प्रशासन ने दोनों पक्षों से शांति बनाए रखने की अपील की है। आगे की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।




