दिल्ली में दो अंतरराज्यीय बदमाश गिरफ्तार, नोएडा की 12 वारदातों का हुआ खुलासा; चोरी की 6 बाइक बरामद
पूर्वी दिल्ली में एएटीएस टीम ने दो अंतरराज्यीय बदमाशों मनोज उर्फ विनय उर्फ टिल्लू और अनुराग उर्फ अंकित को गिरफ्तार किया है।

पूर्वी दिल्ली। दिल्ली में पूर्वी जिले में एएटीएस टीम ने दो शातिर अंतरराज्यीय बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से छह चोरी के दोपहिया वाहन और झपटमारी के पांच मोबाइल बरामद किए हैं। आरोपियों की पहचान राजबीर कॉलोनी निवासी मनोज उर्फ विनय उर्फ टिल्लू और अनुराग उर्फ अंकित के रूप में हुई है।
जिला पुलिस उपायुक्त राजीव कुमार रावल ने बताया कि पुलिस टीम इलाके में गश्त, बदमाशों पर निगरानी और तकनीकी सर्विलांस का सहारा ले रही है। इसी दौरान 19 मई को सूचना मिली कि नोएडा में मोबाइल स्नैचिंग की वारदात में शामिल दो बदमाश चोरी की बाइक पर न्यू अशोक नगर इलाके में आने वाले हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जाल बिछाया। कुछ देर बाद काले रंग की हीरो स्प्लेंडर बाइक पर दो संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर दोनों भागने लगे, लेकिन टीम ने पीछा कर उन्हें दबोच लिया। गिरफ्तार जांच में पकड़ी गई बाइक थाना मंडावली से चोरी की निकली।
पूछताछ के बाद पुलिस ने उनकी निशानदेही पर गढ़ोली स्थित गोशाला रोड के पास छिपाकर रखी गई 4 और चोरी की मोटरसाइकिल, एक स्कूटी तथा 5 मोबाइल फोन बरामद किए। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी वाहन चोरी, मोबाइल स्नैचिंग और लूट की कई वारदातों में शामिल रहे हैं। इस कार्रवाई से ईस्ट डिस्ट्रिक्ट और नोएडा के कुल 12 मामलों का खुलासा हुआ है। फिलहाल पुलिस इनके अन्य साथियों और चोरी का सामान खरीदने वाले नेटवर्क की जांच कर रही है।




