आजमगढ़ में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद की निकली गोरक्षा यात्रा, बोले- गाय हमारी माता है, सरकार मान रही पशु
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने आजमगढ़ के अहरौला में गोहत्या रोकने और हिंदू राष्ट्र के लिए जनजागरण यात्रा की। उन्होंने पूर्व विधायक सुभाष राय और जयप्रकाश यादव को गोरक्षा की जिम्मेदारी सौंपी।

आजमगढ़/उत्तर प्रदेश। गाय को माता का दर्जा दिलाने और गोहत्या बंद करने और हिंदू रक्षा के लिए जनजागरण यात्रा पर निकले स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद मंगलवार को अहरौला के फुलवरिया चौक पहुंचे। अंबेडकर नगर के जलालपुर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व सपा विधायक सुभाष राय के नेतृत्व में भक्ताें ने माल्यार्पण, अंगवस्त्रम् स्वागत किया और फल दान किया।
अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि मैं जिस उद्देश्य के साथ निकला हूं वह उद्देश्य आप लोगों को पूरा करना है। गाय को माता का दर्जा दिलाना है और हिंदू राष्ट्र की रक्षा करना है। यह तभी संभव है जब आप लोग आगे आएंगे और जिम्मेदारी लेंगे। मैं आप लोगों में से किसको जिम्मेदारी दी जाए जो प्रतिनिधि बन सके और गोरक्षा के लिए संकल्प के साथ कार्य कर सके। सभी लोगों ने एक स्वर में पूर्व विधायक सुभाष राय और जयप्रकाश यादव को जिम्मेदारी देने काअनुरोध किया। इसके बाद शंकराचार्य ने इन्हीं दोनों लोगों को गोरक्षा का संकल्प दिलाया।
कहा कि आप लोगों को प्रतिनिधि के रूप में में नियुक्त करता हूं। इसके बाद उनका काफिला अंबेडकर नगर की तरफ निकल गया। इस मौके पर रामगढ़ के प्रधान शरद यादव, रविश पांडेय, ओम प्रकाश सिंह, बबलू शुक्ला आदि रहे।




