मुंबई में जॉइंट पुलिस कमिश्नर का चार्ज ’12वीं फेल’ वाले आईपीएस मनोज शर्मा ने संभाला

महाराष्ट्र सरकार के बड़े प्रशासनिक फेरबदल में आईपीएस अधिकारी मनोज कुमार शर्मा को मुंबई का नया जॉइंट कमिश्नर ऑफ पुलिस (कानून-व्यवस्था) बनाया गया है। ‘12वीं फेल’ फिल्म से चर्चित शर्मा की संघर्षभरी कहानी आज भी लाखों युवाओं को प्रेरित करती है।

मुंबई/एजेंसी। महाराष्ट्र सरकार ने शुक्रवार को राज्य पुलिस प्रशासन में बड़ा फेरबदल करते हुए 50 से अधिक आईपीएस अधिकारियों के एक साथ तबादले कर दिए। गृह विभाग द्वारा जारी आदेश में मुंबई पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस फेरबदल को कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। इस फेरबदल में सबसे ज्यादा चर्चा IPS अधिकारी मनोज कुमार शर्मा की नियुक्ति को लेकर हो रही है। 2005 बैच के अधिकारी शर्मा को मुंबई का नया जॉइंट कमिश्नर ऑफ पुलिस (कानून-व्यवस्था) नियुक्त किया गया है।
मनोज शर्मा वही अधिकारी हैं जिनके संघर्षपूर्ण जीवन पर आधारित फिल्म ’12वीं फेl’ ने देशभर में काफी लोकप्रियता हासिल की थी। उन्होंने अपने करियर में मुंबई में डीसीपी जोन-1 और एडिशनल कमिश्नर ऑफ पुलिस (पश्चिमी क्षेत्र) के रूप में भी काम किया है। मनोज शर्मा एमपी के मुरैना जिले के गांव बिलगांव के रहने वाले हैं। उनकी शुरुआती पढ़ाई लिखाई गांव में ही हुई थी। वो पढ़ाई में बहुत अच्छे नहीं थे। नौवीं और दसवीं में थर्ड क्लास से पास हुए मनोज शर्मा 12वीं में फेल कर गए थे। लेकिन उनका सपना आईपीएस बनने का था। इसके बाद उनके संघर्ष की शुरुआत हुई। उन्होंने अपने सपने को पूरा करने के लिए दिल्ली में बड़े लोगों का कुत्ता तक भी घुमाया।
मुंबई पुलिस में भी कई अहम बदलाव किए गए हैं। एडिशनल कमिश्नर ऑफ पुलिस महेश पाटिल और परमजीत सिंह दहिया का तबादला किया गया है। साथ ही तीन डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (डीसीपी) दीक्षित गेदम, प्रवीण मुंडे और कृष्णकांत उपाध्याय को भी नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। वहीं, 2003 बैच के आईपीएस अधिकारी राजेश प्रधान को मुंबई पुलिस की इकोनॉमिक ऑफेंस विंग का प्रमुख बनाया गया है।

इन अधिकारियों के भी हुए तबादले

  • मुंबई पुलिस की जॉइंट कमिश्नर ऑफ पुलिस (क्राइम) लक्ष्मी गौतम का तबादला कर उन्हें महाराष्ट्र राज्य का स्पेशल इंस्पेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (आईजीपी) नियुक्त किया गया है।
  • जॉइंट कमिश्नर ऑफ पुलिस (कानून-व्यवस्था) सत्यनारायण चौधरी को ट्रैफिक विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।
  • दूसरी ओर, ट्रैफिक विभाग संभाल रहे अनिल कुंभारे को अब जॉइंट कमिश्नर ऑफ पुलिस (कानून-व्यवस्था) बनाया गया है।
  • इकोनॉमिक ऑफेंस विंग (ईओडब्ल्यू) के जॉइंट कमिश्नर ऑफ पुलिस निशित मिश्रा और जॉइंट कमिश्नर ऑफ पुलिस (प्रशासन) जय कुमार को पदोन्नति देकर स्पेशल इंस्पेक्टर जनरल ऑफ पुलिस बनाया गया है।
  • इसके अलावा स्पेशल आईजीपी रैंक के सात अधिकारियों का भी तबादला किया गया है। इनमें दत्ता कराले, प्रवीण पडवाल, मनोज शर्मा और सुवेज हक जैसे वरिष्ठ अधिकारियों के नाम शामिल हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button