120 गाड़ियों के काफिले के साथ शक्ति प्रदर्शन पड़ा भारी, भिंड में भाजपा किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष की नियुक्ति निरस्त

भिंड में भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष सज्जन सिंह यादव को 120 गाड़ियों के काफिले के साथ शक्ति प्रदर्शन करने पर पद से हटा दिया गया है। यह कार्रवाई ट्रैफिक जाम करने और प्रधानमंत्री मोदी की ईंधन बचत अपील की अनदेखी के कारण की गई।

भिंड/मध्य प्रदेश। भिंड में भाजपा किसान मोर्चा के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष सज्जन सिंह यादव का शक्ति प्रदर्शन उनकी राजनीतिक पारी पर भारी पड़ गया। करीब 120 लग्जरी वाहनों के काफिले के साथ शहर में एंट्री करने और ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित होने के मामले में भाजपा संगठन ने सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें पद से हटा दिया। नियुक्ति के महज 18 दिन बाद ही पार्टी ने उनका जिलाध्यक्ष पद निरस्त कर दिया। बताया जा रहा है कि बुधवार शाम सज्जन सिंह यादव समर्थकों के साथ बड़े काफिले में भिंड पहुंचे थे। इस दौरान शहर की सड़कों पर लंबा जाम लग गया, वाहनों के हॉर्न और नारेबाजी से शोरगुल का माहौल बन गया। पूरे घटनाक्रम के वीडियो और तस्वीरें इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हुईं, जिसके बाद पार्टी नेतृत्व ने मामले को गंभीरता से लिया।
भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा द्वारा जारी पत्र में कहा गया कि 13 मई को ग्वालियर से भिंड तक निकाली गई रैली प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ऊर्जा बचत अपील के विपरीत थी। पार्टी संगठन ने इसे गंभीर अनुशासनहीनता की श्रेणी में माना। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के निर्देश पर सज्जन सिंह यादव की नियुक्ति तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दी गई।
पार्टी की ओर से जारी पत्र में बताया गया कि समाचार पत्रों और इंटरनेट मीडिया पर वायरल खबरों के बाद प्रदेश संगठन ने मामले को गंभीरता से लिया। इसके बाद कार्रवाई करते हुए संबंधित आदेश जारी कर दिए गए। गौरतलब है कि सज्जन सिंह यादव मौ क्षेत्र के सक्रिय भाजपा नेता माने जाते हैं। वे पहले मौ मंडी अध्यक्ष रह चुके हैं, जबकि उनकी पत्नी वंदना यादव वर्तमान में मौ नगर परिषद की अध्यक्ष हैं। बहरहाल, सज्जन सिंह यादव की नियुक्ति निरस्त कर पार्टी ने संदेश साफ कर दिया कि संगठनात्मक अनुशासन और शीर्ष नेतृत्व की अपील की अनदेखी किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी।

B BJP leader niyukti nirast 215

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button