ताजमहल देखने आई तुर्की महिला का गुम हुआ आईफोन चालक ने लौटाया
ताजमहल देखने के लिए रोजाना बड़ी संख्या में विदेशी पर्यटक आगरा पहुंचते हैं। सोमवार को तुर्की की महिला ताजमहल देखने पहुंची, लेकिन उसका फोन गुम हो गया। हालांकि, कुछ देर बाद उसका फोन मिल गया।

आगरा/उत्तर प्रदेश। तुर्की से ताजमहल घूमने आई विदेशी महिला पर्यटक का खोया हुआ आईफोन 17 गोल्फ कार्ट के चालक ने लौटाया है। अपना खोया हुआ फोन पाकर महिला पर्यटक की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उसने ताज सुरक्षा पुलिस की तत्परता और चालक की ईमानदारी देखकर उन्हें दिल से धन्यवाद कहा। आईफोन की कीमत करीब डेढ़ लाख थी।
मामला सोमवार सुबह करीब 5 बजे का है। तुर्की की रहने वाली महिला मूरत अपने मित्र दिलारा के साथ आगरा आई थीं। सुबह करीब 5 बजे वह अपने होटल से निकलीं और ताजमहल की पार्किंग पर पहुंचीं। पार्किंग से वह गोल्फ कार्ट में बैठकर ताजमहल के पश्चिमी गेट पर आ गईं और ताजमहल में प्रवेश के लिए कतार में लगीं, लेकिन तभी उसने देखा कि उसका आईफोन-17 उसके पास नहीं है। वह परेशान हालात में इधर-उधर भटकने लगी थी। गोल्फ कार्ट वाला गाड़ी लेकर निकल गया था।
ताजमहल के पश्चिमी गेट पर ड्यूटी पर तैनात उप निरीक्षक पंकज सिंह पटेल ने महिला पर्यटक को परेशान हालत में देखा तो वह अपनी बाइक लेकर महिला के पास पहुंच गए। महिला ने उन्हें बताया कि उनका डेढ़ लाख रुपये का आईफोन 17 फोन गोल्फ कार्ट में छूट गया है। इस पर एसआई पंकज सिंह मूरत को अपने साथ बाइक पर बैठाकर पार्किंग पर ले गए, लेकिन वहां न तो गोल्फ कार्ट दिखी और न ही चालक दिखाई दिया।
पुलिस अधिकारी महिला पर्यटक को वापस ताज पश्चिमी गेट ले आए। इतनी देर में चालक आसिफ अली गोल्फ कार्ट को लेकर पहुंच गया। उसने महिला का मोबाइल फोन उसे सौंप दिया। पुलिस के पूछने पर उसने बताया कि उसने जैसे गाड़ी में फोन देखा तो वह उसे लौटाने के लिए उनके पीछे पश्चिमी गेट पर पहुंचा था। चालक की ईमानदारी और पुलिस की तत्परता देखकर विदेशी महिला पर्यटक ने उन्हें दिल से धन्यवाद दिया।




