भोले बाबा के दरबार जाना होगा आसान, कटड़ा के बाद शिवखोड़ी भी पहुंचेगी ट्रेन, 190 किलोमीटर का बिछेगा रेल नेटवर्क

रियासी-पुंछ रेलवे लाइन के सर्वे को मंजूरी मिलने से शिवखोड़ी धाम तक रेल सुविधा की उम्मीदें बढ़ गई हैं। इससे श्रद्धालुओं की यात्रा आसान होगी और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, हालांकि हालिया आतंकी हमले से यात्रियों की संख्या घटी है।

जम्मू/एजेंसी। कटड़ा के बाद अब शिवखोड़ी धाम तक भी रेल सुविधा मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। रियासी से पुंछ तक प्रस्तावित रेलवे लाइन के सर्वे को मंजूरी मिलने के बाद क्षेत्र में खुशी का माहौल है। इस परियोजना के साकार होने पर भोले बाबा के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को यात्रा में बड़ी राहत मिलेगी और वे कम समय व खर्च में सीधे शिवखोड़ी पहुंच सकेंगे।
शिवखोड़ी धाम, जो कटड़ा से लगभग 80 किलोमीटर दूर स्थित है, माता वैष्णो देवी के दर्शन के बाद श्रद्धालुओं का प्रमुख धार्मिक पड़ाव माना जाता है। वर्तमान में श्रद्धालुओं को कटडा से सड़क मार्ग द्वारा करीब दो से ढाई घंटे का समय लगाकर शिवखोड़ी पहुंचना पड़ता है। रेल सुविधा शुरू होने पर यह समय काफी घट जाएगा और यात्रियों को सीधी व सुगम यात्रा का विकल्प मिलेगा।
सरकार द्वारा लगभग 190 किलोमीटर लंबी रियासी-पुंछ रेलवे लाइन के सर्वे को मंजूरी दी जा चुकी है। इस परियोजना से न केवल धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा बल्कि स्थानीय व्यापार, रोजगार और बुनियादी ढांचे के विकास को भी गति मिलेगी। स्थानीय लोगों और व्यापारियों को इस योजना से काफी उम्मीदें हैं।
हालांकि, 9 जून 2024 को शिवखोड़ी से कटडा जा रही यात्री बस पर कंडा क्षेत्र में हुए आतंकी हमले के बाद श्रद्धालुओं की संख्या में कमी दर्ज की गई है। पहले जहां प्रतिदिन 7 से 8 हजार श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते थे, वहीं अब यह संख्या घटकर 2 से 3 हजार रह गई है। सुरक्षा कारणों से शाम 6 बजे के बाद रनसू से यात्रियों की आवाजाही रोक दी जाती है। वहीं, कटडा से शिवखोड़ी के लिए प्रस्तावित हेलीकॉप्टर सेवा भी अभी शुरू नहीं हो पाई है। उपराज्यपाल द्वारा अप्रैल में सेवा शुरू करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन हेलीपैड और पैदल मार्ग का कार्य अधूरा होने के कारण इसमें देरी हो रही है। उम्मीद है कि आने वाले समय में यह सेवा भी शुरू हो जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button