मोतिहारी में मिली ‘चार आंखों’ वाली रहस्यमयी मछली, वजन देख उड़े होश, देखने को उमड़ी भारी भीड़

पकड़ीदयाल रामबन देवी माई स्थान के समीप एक पोखरा से अनोखी मछली मिली है, जिसको देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी पड़ी। ‘चार आंख’ वाली लगभग चार किलो की मछली है।
मोतिहारी/बिहार। कुदरत के करिश्मे अक्सर इंसान को हैरान कर देते हैं। ऐसा ही एक वाक्या पूर्वी चंपारण के मोतिहारी में सामने आया है, जहां पकड़ीदयाल थाना क्षेत्र के रामबण गांव में एक अनोखी मछली जाल में फंस गई। मछली के दो आंखों से अलावा भी दो आंखें नजर आ रही थीं। हालांकि ये काम करती हैं या नहीं, इस बारे में पता नहीं चला। लेकिन चार आंखों वाली मछली की खबर पाते ही लोगों की भीड़ उसे देखने के लिए जुट गई। लोग इसे कुदरत का करिश्मा बताने लगे।
मिली जानकारी के अनुसार, गांव के किसान और तालाब मालिक नवल किशोर सिंह के पोखर में मछुआरे रोज की तरह जाल डालकर मछलियां पकड़ रहे थे। इसी दौरान मछुआरे रामभरोस सहनी के जाल में एक भारी-भरकम मछली फंस गई। जब उन्होंने जाल को बाहर निकाला तो देखा एक मोटी से मछली है। मछली का वजन करीब 4 किलो होगा। इस मछली के सिर पर सामान्य आंखों के अलावा दो अतिरिक्त आंखें दिखाई दे रही थीं। इसे देखकर वहां मौजूद मछुआरे के साथ-साथ अन्य लोग भी दंग रह गए।
तालाब के मालिक नवल किशोर सिंह ने बताया कि वह पिछले 10 वर्षों से इस पोखर में मछली पालन कर रहे हैं और हर साल जाल डलवाते हैं, लेकिन आज तक ऐसी ‘अजूबा’ मछली कभी नहीं देखी गई। वहीं, मछुआरे रामभरोस ने कहा कि उसने मोतिहारी में अब तक सैकड़ों तालाबों से मछलियां पकड़ी हैं, पर चार आंखों वाली मछली उसके लिए भी किसी अचरज से कम नहीं है।
प्रारंभिक जानकारी और स्थानीय मछुआरों के दावों के अनुसार, इसे ‘बी ग्रेड’ प्रजाति की मछली बताया जा रहा है। हालांकि, वन्यजीव विशेषज्ञों या मत्स्य विभाग की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है। फिलहाल, देवी माई स्थान के समीप स्थित इस पोखर के पास लोगों का हुजूम जुटा हुआ है और यह पूरे जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है।




