एमपी में सिंगरौली की महाराष्ट्र बैंक में दिनदहाड़े 22 लाख कैश और 10 किलो सोना लूटा
यूपी के सोनभद्र में बदमाशों की तलाश तेज

सिंगरौली के बैढ़न में महाराष्ट्र बैंक में हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोला। उन्होंने बैंक कर्मचारियों को बंधक बनाकर फायरिंग की और मारपीट करते हुए लगभग 22 लाख रुपये नकद और 10 किलो सोना लूट लिया।
सिंगरौली/मध्य प्रदेश। यूपी के सोनभद्र जिले की सीमा से सटे सिंगरौली जिले (मध्य प्रदेश) के बैढ़न थाना क्षेत्र में शुक्रवार को विंध्यनगर-बैढ़न मार्ग पर संचालित महाराष्ट्र बैंक में हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोल दिया। बंदूक दिखाकर बैंक कर्मचारियों को बंधक बना लिया।
अंदर फायरिंग की और मारपीट करते हुए करीब 22 लाख रुपये नकद और 10 किलो सोना लूटकर फरार हो गए। जानकारी पर पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री मौके पर पहुंचे और भारी पुलिस बल के साथ पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई। जिले में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है और बदमाशों की तलाश के लिए सघन अभियान चलाया जा रहा है।
सोनभद्र में सीमावर्ती क्षेत्रों में भी बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए सघन जांच की जा रही है। शुक्रवार दोपहर के समय जब बैंक में सामान्य कामकाज चल रहा था और ग्राहक अपने-अपने काम में व्यस्त थे, तभी अचानक पांच हथियारबंद बदमाश बैंक परिसर के आसपास पहुंच गए।
इनमें से एक बदमाश बाहर निगरानी के लिए खड़ा रहा, जबकि बाकी चार बदमाश तेजी से बैंक के अंदर घुस गए। अंदर घुसते ही बदमाशों ने हथियार लहराते हुए सभी कर्मचारियों को बंदूक की नोक पर कब्जे में ले लिया। किसी को भी हिलने-डुलने तक की इजाजत नहीं दी।
बदमाशों ने बैंक के अंदर फायरिंग की। कर्मचारियों के साथ मारपीट भी की। बैंक में मौजूद ग्राहकों को जमीन पर बैठा दिया। किसी को मोबाइल निकालने तक की अनुमति नहीं दी। लूट के बाद आरोपित फरार हो गए। पुलिस के पहुंचने से पहले वे क्षेत्र से निकल चुके थे। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों को गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है। सीमावर्ती क्षेत्रों की पुलिस भी सघन जांच अभियान चला रही है।




