वैष्णो देवी धाम पर हुआ भावुक मिलन, 50 दिन बाद बहन को मिला बिछड़ा भाई
श्रद्धालुओं ने माना माता वैष्णो का चमत्कार

कटड़ा में मां वैष्णो देवी के धाम पर 50 दिनों से लापता भाई अभिषेक मिश्रा का अपनी बहन आंचल से भावुक मिलन हुआ। मां की बीमारी से मानसिक रूप से परेशान अभिषेक घर से चले गए थे।
सुदेश कुमार,कटड़ा/जम्मू। कटड़ा में शनिवार को मां वैष्णो देवी की कृपा और आस्था का भावुक दृश्य देखने को मिला, जब करीब 50 दिनों से लापता अभिषेक मिश्रा अपनी बहन आंचल से बाणगंगा मार्ग पर मिला। गाजियाबाद निवासी अभिषेक अपनी मां की गंभीर बीमारी से मानसिक रूप से आहत होकर 20 फरवरी को घर से निकल गए थे। इस बीच उनकी मां का निधन हो गया और परिवार उनसे संपर्क नहीं कर पा रहा था।
भाई की तलाश में बहन आंचल अपनी मासी के साथ कटड़ा पहुंचीं और श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड से मदद मांगी। अधिकारियों ने पुलिस के साथ मिलकर खोज अभियान चलाया और शनिवार शाम को अभिषेक को बाणगंगा मार्ग पर ढूंढ निकाला। भाई-बहन का मिलन देखकर श्रद्धालु भावुक हो उठे और इसे मां वैष्णो देवी की कृपा बताया।
अभिषेक मानसिक आघात के कारण भवन मार्ग और कटड़ा क्षेत्र में इधर-उधर रह रहा था। श्राइन बोर्ड और पुलिस ने न केवल दोनों को मिलवाया बल्कि उनके रहने-खाने और सुरक्षित घर वापसी की भी व्यवस्था की। अधिकारियों ने बताया कि बहन आंचल और उनकी मासी अत्यंत दुखी अवस्था में उनके पास पहुंची थीं और तुरंत पुलिस के साथ समन्वय कर खोज अभियान शुरू किया गया।
इस पूरे घटनाक्रम ने नगरवासियों और श्रद्धालुओं को भावुक कर दिया। कई लोगों ने इसे मां वैष्णो देवी की दिव्य कृपा बताया, वहीं श्राइन बोर्ड और पुलिस विभाग की संवेदनशीलता एवं मानवीय पहल की सराहना की। फिलहाल अभिषेक की मानसिक स्थिति में सुधार बताया जा रहा है और परिवार में खुशी का माहौल है। बहन आंचल ने कहा कि मां वैष्णो देवी ने उनकी पुकार सुन ली और उनके बिखरे परिवार को फिर से जोड़ दिया।




