खखरेरू में 34 बच्चों को मिली साइकिलें,फाउंडेशन की पहल से गरीब छात्रों को शिक्षा का सहारा

फतेहपुर के खखरेरू स्थित नूरुल हुदा सेकेंडरी स्कूल में सत्या खुशहाल जीवनदान स्वास्तिया फाउंडेशन ने 34 छात्र-छात्राओं को साइकिलें वितरित कीं। यह पहल उन गरीब बच्चों के लिए राहत साबित होगी जो रोजाना कई किलोमीटर पैदल चलकर स्कूल आते थे। साइकिल मिलने से अब बच्चों को सुरक्षित और सुविधाजनक साधन मिलेगा तथा पढ़ाई के प्रति उनका उत्साह बढ़ेगा।
सत्येंद्र शुक्ला,फतेहपुर/उत्तर प्रदेश। जिले के खखरेरू नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड नंबर 6 प्रताप नगर स्थित नूरुल हुदा सेकेंडरी स्कूल में आज दोपहर सत्या खुशहाल जीवनदान स्वास्तिया फाउंडेशन की ओर से 34 छात्र-छात्राओं को साइकिलें वितरित की गईं। कार्यक्रम में स्कूल के संरक्षक मोहम्मद इसराइल ने बच्चों को साइकिलें सौंपीं। इस अवसर पर प्रधानाचार्य जावेद आलम सहित सभी शिक्षक मौजूद रहे।
अभिभावकों ने इस पहल के लिए फाउंडेशन और स्कूल प्रबंधन का आभार जताया। यह क्षेत्र यमुना तटवर्ती और अति पिछड़ा माना जाता है, जहां कई गरीब बच्चे रोजाना 3 से 5 किलोमीटर पैदल चलकर स्कूल आते हैं। कच्चे रास्तों, धूप और बरसात में कीचड़ से होकर गुजरना उनके लिए बड़ी चुनौती रहा है।
साइकिल मिलने से अब बच्चों को स्कूल आने-जाने में सुरक्षित और सुविधाजनक साधन मिल गया है। इससे उनका समय बचेगा, थकान कम होगी और पढ़ाई के प्रति उत्साह बढ़ेगा। स्कूल प्रबंधक मोहम्मद इसराइल ने कहा कि फाउंडेशन का उद्देश्य यही है कि कोई भी बच्चा केवल आने-जाने की कठिनाई के कारण पढ़ाई से वंचित न हो। उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी जरूरतमंद बच्चों की मदद जारी रहेगी।




