ग्राम चौपाल में डीएम ने योजनाओं की समीक्षा, लाभार्थियों से सीधा संवाद

जिलाधिकारी अमित पाल ने ग्राम चौपाल में विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करते हुए लाभार्थियों से संवाद किया। उन्होंने राशन, पेंशन, शौचालय, कन्या सुमंगला, प्रधानमंत्री आवास और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं का लाभ सभी पात्र लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। विद्यालयों, स्वास्थ्य केंद्र और स्वयं सहायता समूहों की स्थिति जानी। डीएम ने महिलाओं को योजनाओं से जोड़ने पर जोर दिया और बच्चों को अन्नप्राशन कराया। ग्राम में पेंशन, आवास योजना और जलापूर्ति जैसी सुविधाओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने ग्रामीणों से योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।

सचिन पाण्डेय,कौशाम्बी/उत्तर प्रदेश। जिलाधिकारी अमित पाल ने ग्राम चौपाल के दौरान विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करते हुए लाभार्थियों से सीधा संवाद किया। उन्होंने राशन, पेंशन, शौचालय, कन्या सुमंगला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और जल जीवन मिशन के तहत हर घर नल योजना की जानकारी प्राप्त कर संबंधित अधिकारियों को सभी पात्र लोगों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
डीएम ने आंगनबाड़ी केंद्र और कंपोजिट विद्यालय का निरीक्षण कर अध्यापकों की उपस्थिति और शिक्षण कार्य की स्थिति जानी। ग्रामीणों ने बताया कि अध्यापक समय से विद्यालय आते हैं और भोजन की गुणवत्ता भी ठीक है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी लेते हुए डीएम को बताया गया कि बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल रही हैं। उन्होंने उप कृषि निदेशक को विद्यालयों में ऑपरेशन कायाकल्प के तहत कराए गए कार्यों की साफ-सफाई, मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता और निपुण तालिका का सत्यापन रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
गौसपुर गांव में गठित स्वयं सहायता समूह और लखपति दीदी योजना की जानकारी लेते हुए डीएम ने कहा कि महिलाओं को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित कर उनके उद्यम को आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने गर्भवती महिला को पौष्टिक आहार प्रदान किया और बच्चों को अन्नप्राशन भी कराया।
जल निगम के अधिशासी अभियंता ने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत ग्राम में जलापूर्ति की जा रही है। डीएम ने निर्देश दिए कि छूटे हुए घरों को भी कनेक्शन दिया जाए। बैठक में बताया गया कि ग्राम के 55 लोगों को वृद्धा पेंशन और 64 निराश्रित महिलाओं को पेंशन का लाभ मिल रहा है। ग्राम में 22 स्वयं सहायता समूह गठित हैं और प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 42 परिवारों का सर्वे किया गया है।
ग्राम चौपाल में सीएमओ डॉक्टर संजय कुमार, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी सहित अन्य अधिकारियों ने ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं की जानकारी देकर उनका लाभ उठाने की अपील की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button