यमुना तट पर विराजी मां कालिरात्रि का भव्य दरबार, श्रद्धा और भक्ति से गूंजा यकडला गांव

सत्येंद्र शुक्ला,फतेहपुर/उत्तर प्रदेश। खागा में चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर विजयीपुर विकास खंड के यकडला गांव में स्थित यमुना नदी तट की पावन धरती पर मां कालिरात्रि देवी सिद्ध पीठ का दरबार भव्य रूप से सजाया गया। नवरात्रि के प्रथम दिन मां के दरबार में अलौकिक आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला, जहां दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने माता रानी के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।
मंदिर परिसर को आकर्षक फूलों व रोशनी से सजाया गया था। मां कालिरात्रि का दिव्य श्रृंगार कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। जैसे ही आरती का समय हुआ, पूरा वातावरण “जय माता दी” के जयकारों से गूंज उठा और भक्त भाव-विभोर हो गए।
मुख्य पुजारी कालिरात्रि पीठेश्वर संत श्री अखिल दास जी महाराज (वृंदावन) के नेतृत्व में विशेष पूजन संपन्न हुआ। उन्होंने बताया कि यह सिद्ध पीठ वर्षों से श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र रहा है और यहां सच्चे मन से मांगी गई हर मुराद मां कालिरात्रि अवश्य पूरी करती हैं। यह परंपरा उनके पूर्वजों से चली आ रही है, जिसे आज भी पूरे विधि-विधान और भक्ति भाव के साथ निभाया जा रहा है।
रात्रि में भव्य जागरण और कीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें भजन मंडलियों ने माता रानी के गुणगान कर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरी रात भक्त भक्ति में लीन रहे और मां के दरबार में दीपों की रोशनी के बीच अद्भुत आध्यात्मिक वातावरण बना रहा।
कार्यक्रम के अंत में विशाल प्रसाद वितरण किया गया। गांव सहित आसपास के क्षेत्रों से आए सैकड़ों श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने इस धार्मिक आयोजन को और भी भव्य बना दिया। मां कालिरात्रि के जयकारों से गूंजता यकडला गांव आस्था और विश्वास का जीवंत उदाहरण बन गया।




