दिल्ली के सुंदर नर्सरी पार्क में स्पेशल चाइल्ड को झूला झूलने से रोका
गार्ड बोला- बच्ची का दिमाग खराब है, घर ले जाओ

दक्षिणी दिल्ली। दिल्ली के सुंदर नर्सरी पार्क में एक बच्ची को खेलने से रोकने का मामला इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गया है। आरोप है कि बच्ची को खेलने से सिर्फ इसलिए रोक दिया गया क्योंकि उसे कुछ मानसिक समस्या है। आरोप में यह भी कहा गया है कि बच्चे को गार्ड ने बुरी तरह डांटा भी है। बच्ची के अभिभावकों ने इंटरनेट पर वीडियो साझा कर आरोप लगाया है कि ये घटना वीकेंड की है।
बच्ची के अभिभावकों ने आरोप लगाया है कि वीकेंड पर जब वे बच्ची को लेकर सुंदर नर्सरी पार्क गए थे तो पार्क में तैनात सुरक्षाकर्मी ने यह कहकर बच्ची को नेट क्लाइंबर पर जाने से रोक दिया कि बच्ची का दिमाग खराब है। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि सुरक्षाकर्मी के रोके जाने के बाद अभिभावक नाराज हो गए और मामले ने तूल पकड़ लिया।
मौके पर कई दूसरे अभिभावकों ने उनके पक्ष में आकर सुरक्षाकर्मी के व्यवहार को गलत बताया। इस वायरल वीडियो को इंस्टाग्राम पर एक मिलियन से ज्यादा लोग देख चुके हैं और कई हजार लोग साझा कर चुके हैं। कमेंट्स में भी लोग इस घटना और व्यवहार को गलत ठहरा रहे हैं। यूजर्स का कहना है कि इस तरह की घटना समावेशी माहौल के विरुद्ध है और बच्चे और अभिभावकों को इससे काफी मानसिक तनाव हुआ।





