फतेहपुर में खेलते-खेलते डेढ़ साल का मासूम बाथरूम में रखी बाल्टी में गिरा, मौत

फतेहपुर/उत्तर प्रदेश। घर की छत पर खेलते-खेलते डेढ़ वर्षीय मासूम बच्चा बाथरूम में चला गया और वहां पानी से भरी बाल्टी में मुंह के बल गिर गया। करीब बीस मिनट बाद बुआ बाथरूम पहुंची तो मासूम को देखकर उसे बाल्टी से बाहर निकाला। मासूम को इलाज के लिए सीएचसी बिंदकी लाया गया। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से परिवार की खुशियां गम में बदल गईं।
जाफरगंज कस्बा निवासी शिवम शिवहरे का परिवार मकान के प्रथम तल पर रहता है। चचेरे भाई बासू के पुत्र की बुधवार को छठी का कार्यक्रम था। सोमवार की रात करीब नौ बजे घर की महिलाएं कार्यक्रम की तैयारी में व्यस्त थीं। शिवम का डेढ़ वर्षीय पुत्र आयुष्मान प्रथम तल में बच्चों के साथ खेल रहा था।
खेलते-खेलते अचानक बाथरूम में चला गया, जहां 20 लीटर की बाल्टी पानी से भरी रखी थी। मासूम बच्चा उसी बाल्टी में औंधे मुंह गिर गया। बुआ बाथरूम गई और बच्चे को बाल्टी के अंदर औंधे मुंह पड़ा देखा तो उसे बाहर निकाला। मां शिल्पी व दादी कुषमा व अन्य स्वजन बच्चे को निजी वाहन से सीएचसी बिंदकी लाए। जहां डा. दिनेश ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। स्वजन ने दिवंगत का यमुना के बिंदौर घाट में अंतिम संस्कार किया। थाना प्रभारी धनंजय सरोज ने बताया कि स्वजन ने कोई तहरीर नहीं दी है जिससे घटना संज्ञान में नहीं है।




