एसआईआर ड्यूटी में लगे बीएलओ ने सुसाइड से पहले बेतहाशा रोते हुए बनाया वीडियो

मुरादाबाद/उत्तर प्रदेश। यूपी के मुरादाबाद में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर ) की ड्यूटी में लगे बीएलओ 43 वर्षीय सर्वेश कुमार की आत्महत्या से हड़कंप मच गया है। उनकी पत्नी ने जिला प्रशासन पर कई गंभीर आरोप मढ़े हैं। सर्वेश ने तीन पेज का सुसाइड नोट लिखने के अलावा एक वीडियो भी बनाया था जो अब सामने आया है। इस वीडियो में सर्वेश कुमार बुरी तरह रो रहे हैं। वह बार-बार काम के दबाव की बात कर रहे हैं। साथ ही अपनी मां से बच्चों का ख्याल रखने के लिए कहा है।
सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो को देखकर लोग भावुक हो उठे हैं। इसमें सर्वेश कुमार बेतहाशा रोते हुए कहते हैं- ‘मम्मी, मेरी चारों बेटियों का ख्याल रखना। मैं आज जो कदम उठाने जा रहा हूं इसका मैं स्वयं जिम्मेदार हूं। मेरे परिवार को कोई कुछ नहीं कहेगा। एसआईआर के काम का दबाव बहुत ज्यादा है। न मैं सो पा रहा हूं और ना ही काम कर पा रहा हूं। मैं जीना चाहता हूं लेकिन मेरे ऊपर काम का बहुत दबाव है।’
दूसरी ओर, पत्नी बबली ने भी एसआईआर की प्रकिया पर सवाल खड़े किए हैं। मीडिया से बातचीत में बबली ने कहा- ‘मेरे पति स्कूल के हेड मास्टर थे, बीएलओ थोड़ी ना थे। पहले उनको ट्रेनिंग देनी चाहिए थी कि एसआईआर का काम कैसे किया जाए। एक हजार 15 फॉर्म दे दिया गया उनको। किसी का सपोर्ट तक नहीं मिला। रात के दो बजे तक वह काम करते थे। मैं खुद उनके साथ बैठकर काम करती थी उनका। दबाव के चलते उनकी जान गई है।’
आपको बता दें कि सर्वेश कुमार कंपोजिट विद्यालय जाहिदपुर भगतपुर टांडा में अध्यापक के पद पर कार्यरत थे। उन्हें एसआइआर काम के लिए बूथ नंबर 406 का बीएलओ बनाया गया था। शनिवार की रात वह अपने कमरे में जाकर सो गए। रविवार की सुबह घरवालों ने उनका शव कमरे में फंदे पर लटका देखा।




