2 साल में 5000 लोगों से 123 करोड़ का फ्रॉड, मुजफ्फरनगर में हैरान करने वाली ठगी

मुजफ्फरनगर/उत्तर प्रदेश। मुजफ्फरनगर में पुलिस ने एक बड़े निवेश घोटाले का खुलासा किया है, जिसमें पुरकाजी थाना क्षेत्र के अमित कुमार गौतम नामक पूर्व बीकॉम छात्र ने अपनी पत्नी वंदना और साथियों के साथ मिलकर करीब 5000 लोगों से 123 करोड़ रुपये की ठगी की। ठगों ने लोगों को हर महीने 16 प्रतिशत रिटर्न का लालच देकर पैसा निवेश करवाया। पहले कुछ महीनों तक रिटर्न देकर भरोसा जीता, लेकिन बाद में संपर्क तोड़ लिया। इस मामले में तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार, दो साल पहले अमित कुमार गौतम ने अपनी पत्नी वंदना के साथ सेनेमी कंसल्टिंग प्राइवेट लिमिटेड नाम की कंपनी शुरू की। अमित ने अपने पुराने संपर्कों, सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से लोगों को इस स्कीम में फंसाया। कंपनी का दावा था कि निवेश पर उच्च रिटर्न मिलेगा, जिससे हजारों लोग आकर्षित हुए। जांच में पता चला कि पहले रिटर्न देकर लोगों का विश्वास बढ़ाया गया, लेकिन जब 123 करोड़ रुपये जमा हो गए, तो ठगों ने भुगतान बंद कर दिया और फरार हो गए।
पुलिस जांच से सामने आया कि अमित और उसके साथियों ने हड़पी गई रकम को ब्यूटी प्रोडक्ट्स के कारोबार और प्रॉपर्टीज में निवेश किया। उन्होंने सेनेमी ब्रांड के तहत मल्टी-स्टोर चेन भी खोली, ताकि ठगी का पैसा वैध लगे। मुख्य आरोपी अमित ने पूछताछ में कबूल किया कि वह पहले एक इन्वेस्टमेंट फर्म में काम करता था, जहां से उसने ऊंचे रिटर्न के मॉडल को सीखा। उसी को अपनाकर उसने यह जाल बिछाया और धीरे-धीरे लोगों को शिकार बनाया।
पुलिस ने मुख्य आरोपी अमित कुमार, उसके साथी डॉ. शादाब और सरफराज को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से एक नेक्सॉन कार और करीब चार करोड़ रुपये मूल्य के ब्यूटी प्रोडक्ट्स बरामद किए गए। एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि पुरकाजी और सिविल लाइन थानों में मुकदमे दर्ज हैं। उन्होंने कहा, यह नेटवर्क कई राज्यों में फैला था। आरोपियों ने 16% रिटर्न का झांसा देकर लोगों को फंसाया। अब तक 5000 निवेशकों की जानकारी मिली है।
एसपी सिटी ने कहा कि ठगों की सभी अवैध संपत्तियों जैसे ब्यूटी प्रोडक्ट्स, प्रॉपर्टीज और अन्य निवेश की पहचान कर उन्हें कुर्क किया जाएगा। प्रारंभिक जांच में कई अन्य लोगों की संलिप्तता के संकेत मिले हैं। पुलिस सभी निवेशकों की सूची तैयार कर रही है और विवेचना जारी है। एसपी ने अपील की कि ठगी के शिकार लोग थाने में शिकायत दर्ज कराएं, ताकि कार्रवाई तेज हो सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button