सीएम योगी के जनता दर्शन में समस्या लेकर पहुंचे सीआरपीएफ जवान

मुख्यमंत्री ने कहा कि आप निश्चिंत होकर ड्यूटी कीजिए, बाकी समाधान सरकार पर छोड़ दीजिए

लखनऊ/एजेंसी। उत्तर प्रदेश केमुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को लखनऊ के लोकभवन में जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान प्रदेशभर से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। हर सोमवार की तरह इस बार भी सुबह से ही जनता दर्शन में फरियादियों की भीड़ उमड़ी रही। मुख्यमंत्री ने एक-एक करके सभी की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान एक सीआरपीएफ जवान भी अपनी समस्या को लेकर पहुंचे। सीएम योगी ने उनकी समस्या को सुनने के बाद कार्रवाई का भरोसा दिलाया। उन्हें निश्चिंत होकर अपनी ड्यूटी करने को कहा।
जनता दर्शन कार्यक्रम में 50 से अधिक लोग अपनी शिकायत लेकर पहुंचे, जिनमें पुलिस, बिजली, आर्थिक सहायता, जमीनी विवाद और प्रशासनिक समस्याओं से जुड़े मामले प्रमुख रहे। सीएम योगी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण तय समय सीमा में किया जाए और पीड़ित से फीडबैक भी अवश्य लिया जाए।
जनता दर्शन के दौरान बुलंदशहर निवासी एक सीआरपीएफ जवान ने मुख्यमंत्री से अपनी जमीन विवाद से जुड़ी समस्या साझा की। जवान की बात ध्यानपूर्वक सुनने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि आप निश्चिंत होकर ड्यूटी कीजिए, बाकी समाधान सरकार पर छोड़ दीजिए। जांच कराई जाएगी और प्रकरण में न्यायोचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। मुख्यमंत्री के इस जवाब पर जवान ने राहत महसूस की और आभार जताया।
मुख्यमंत्री योगी ने फरियादियों से मिलने के दौरान उनके साथ आए नन्हे-मुन्नों से भी आत्मीयता से बातचीत की। बच्चों के सिर पर हाथ फेरकर दुलार किया और उन्हें चॉकलेट-टॉफी भेंट की। उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि खूब पढ़ो, जमकर खेलो और अपने माता-पिता व प्रदेश का नाम रोशन करो। सीएम योगी ने जनता दर्शन के दौरान अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य हर नागरिक की सेवा, सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि सरकार पहले दिन से ही इस धारणा के साथ कार्य कर रही है कि हर पीड़ित को न्याय मिले और किसी को भटकना न पड़े। सीएम योगी ने एक बार फिर दोहराया कि जनता की समस्या का त्वरित समाधान ही सुशासन की पहचान है। इसलिए, समस्याओं पर तुरंत एक्शन होना चाहिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button