दिल्ली को मिलेगा नया सचिवालय, सीएम रेखा गुप्ता ने किया एलान, नए लोकेशन की तलाश शुरू
Delhi will get a new secretariat, CM Rekha Gupta announced, search for new location begins

नई दिल्ली। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को घोषणा की कि दिल्ली सरकार जल्द ही एक नए सचिवालय के निर्माण के लिए उपयुक्त जगह की पहचान की प्रक्रिया शुरू करेगी ताकि एक ही इमारत में विभिन्न विभागों को समायोजित किया जा सके। उन्होंने कश्मीरी गेट स्थित महिला एवं बाल विकास विभाग कार्यालय का दौरा करने के बाद यह घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने इमारत की जर्जर स्थिति पर चिंता जताई और इस स्थिति को लेकर आप सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “मैं पहली बार इस कार्यालय में आई हूं। यह देखकर दुख होता है कि हमारे अधिकारी इस तरह की इमारत में काम करते हैं। पंखे कभी भी गिर सकते हैं और छत से पानी टपक रहा है।”
दिल्ली की पिछली आप सरकार पर हमला बोलते हुए उन्होंने याद दिलाया कि 2021 में इसी इमारत में आग लगी थी, फिर भी कोई मरम्मत नहीं की गई। गुप्ता ने कहा, “उनकी सरकार पढ़ी-लिखी थी। उन्होंने शीश महल बनाने पर करोड़ों रुपये खर्च कर दिए, लेकिन सरकारी दफ्तरों की हालत सुधारने के लिए कुछ नहीं किया।”
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया, “आज इस दफ्तर की हालत देखकर मुझे दुख हो रहा है। इस इमारत की हालत सुधारने के लिए उनके पास 2-3 करोड़ रुपये हो सकते थे।” उन्होंने आगे कहा कि आज से ही हम नए सचिवालय के लिए जगह तलाशने की प्रक्रिया शुरू कर देंगे, जहां सभी विभाग स्थित हो सकें। दिल्ली सचिवालय आईपी एस्टेट में इंदिरा गांधी स्टेडियम के पास स्थित है।




