मिर्जापुर में दर्दनाक हादसा: खेत में पलटा ट्रैक्टर, कंप्रेसर के नीचे दबकर चाचा-भतीजे की मौत
Tragic accident in Mirzapur: Tractor overturned in the field, uncle and nephew died after getting crushed under the compressor

मिर्जापुर/उत्तर प्रदेश। मिर्जापुर जिले के आनंदीपुर गांव में बुधवार की सुबह एक हृदयविदारक हादसा हो गया। पत्थर खदान से ब्लास्टिंग के लिए होल काटने के बाद लौट रहे दो मजदूरों की खेत में ट्रैक्टर पलटने से मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों मजदूर कंप्रेसर के नीचे दब गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह दोनों को बाहर निकालकर सीएचसी पहुंचाया, लेकिन तब तक दोनों दम तोड़ चुके थे।
यह दर्दनाक घटना सुबह करीब सात बजे की है। सोनभद्र जिले के म्योरपुर थाना क्षेत्र के भलुई गांव निवासी राम लखन विश्वकर्मा (50) और उनका भतीजा रामकिशुन विश्वकर्मा (40) मिर्जापुर के धुरिया क्षेत्र की एक खदान में काम करके लौट रहे थे। दोनों ट्रैक्टर पर कंप्रेसर लादकर ब्लास्टिंग साइट से वापस आ रहे थे। बताया जा रहा है कि वे ट्रैक्टर को मालिक के घर खड़ा करने जा रहे थे। जैसे ही ट्रैक्टर आनंदीपुर गांव के पास कंचनपुर मोड़ पर पहुंचा, बारिश से गीली हुई मिट्टी की सड़क पर वह फिसलकर खेत में पलट गया।
हादसे में ट्रैक्टर पर सवार दोनों मजदूर कंप्रेसर के नीचे दब गए। खेत में काम कर रहे किसानों ने घटना देखी तो शोर मचाकर मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर ट्रैक्टर को हटवाया और दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, लेकिन डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतकों के चचेरे भाई जीतलाल ने बताया कि दोनों की पत्नियां पहले ही साथ छोड़ चुकी हैं। रामकिशुन की 12 साल की एक बेटी है। दोनों पिछले 20 वर्षों से खदानों में ट्रैक्टर-कंप्रेसर से होल काटने का काम करके अपना जीवन चला रहे थे। यह खबर मिलते ही जीतलाल मौके पर पहुंचे और शव देख फूट-फूटकर रो पड़े।
थानाध्यक्ष अजय सेठ ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस बल मौके पर पहुंचा और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। परिजनों को सूचित कर दिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।




