इंदिरापुरम पुलिस ने एनसीआर में वाहन चोरी करने वाले गिरोह का किया पर्दाफाश,पांच गिरफ्तार

बीकॉम का छात्र चला रहा था वाहन चोर गिरोह, दो मौसेरे भाई भी थे सदस्य

गाजियाबाद। इंदिरापुरम पुलिस ने एनसीआर में वाहन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के पास से चोरी की 10 बाइक व एक स्कूटी समेत मास्टर चाबी बरामद की है।
बीकॉम का छात्र गिरोह का सरगना है। जबकि गिरोह में दो मौसेरे भाई भी शामिल हैं। बरामद बाइकों में छह बाइक इंदिरापुरम क्षेत्र से चोरी की गई थी।
पुलिस ने सभी वाहनों को कनेक्ट कर लिया है। आरोपी रेकी करने के बाद वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस इनसे पूछताछ के आधार पर इनके साथियों की तलाश में जुटी है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपितों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव व थाना प्रभारी इंदिरापुरम रवेंद्र गौतम ने बताया कि पकड़े गए आरोपितों में बागपत के सूजरा का रोहित, नोएडा सेक्टर 63 का सागर शर्मा, आशू, छिजारसी का आकाश उर्फ कल्लू और मेरठ के सिविल लाइन का नीरज शामिल हैं।
पुलिस ने सभी को चेकिंग के दौरान गिरफ्तार किया और इनकी निशानदेही पर कनावनी पुलिया के पास झाड़ियों से वाहन बरामद किए। बरामद वाहनों में छह बाइक इंदिरापुरम थानाक्षेत्र से चोरी की गई थी। जिनका मुकदमा थाने में दर्ज हैं।
एसीपी ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ गाजियाबाद में सात, नोएडा में एक और दिल्ली में एक मामला दर्ज है। पूछताछ में पकड़े गए आरोपितों ने बताया कि वह चोरी के वाहन राह चलते लोगों को कम दाम पर बेच देते थे। एसीपी ने बताया कि आरोपी सागर शर्मा बीकॉम का छात्र है और गिरोह का सरगना है। इसके साथ ही नीरज व आशु मौसेरे भाई हैं। पिछले कई सालों से आरोपी वाहन चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे हैं। एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि पूछताछ में आरोपितों ने बताया है कि वह एनसीआर में वाहन चारी की वारदात को अंजाम देते हैं और जंगल व झाड़ियों में चाेरी के वाहन छिपा देते हैं।
मौका लगते ही वह वाहनों को बागपत व मुजफ्फरनगर ले जाते हैं और लोगों को सस्ते दामों में बेच देते हैं। जांच में वाहनों के कटान की बात भी प्रकाश में आई है। इस बारे में पुलिस आगे जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद वाहन काटने वालों को भी गिरफ्तार किया जाएगा। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि रोहित अपने पास मास्टर चाबी रखता है और वह ही साथियों के साथ वाहन चोरी की वारदात को अंजाम देता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button