कश्मीरी गेट फ्लाईओवर पर शादी से लौट रहे मोटरसाइकिल सवार पति-पत्नी को ट्रक ने कुचला, मौके पर मौत

A truck crushed a couple riding a motorcycle while returning from a wedding and they died on the spot

नई दिल्ली। उत्तरी जिले के कश्मीरी गेट इलाके में सोमवार देर रात एक माल वाहक वाहन ने मोटरसाइकिल सवार दंपती को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान संगम विहार के धर्मेंद्र और रेणु के रूप में हुई है। वह करावल नगर से शादी समारोह से लौट रहे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को मौके से ले जाकर सब्जी मंडी थाने की मोर्चरी में रखवाया, जहां पोस्टमार्टम के बाद शवों को परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामला दर्ज कर फरार आरोपित चालक की तलाश में जुटी है।
उपायुक्त राजा बांठिया के मुताबिक, मूल रूप से मध्य प्रदेश के ग्वालियर के गदाईपुरा यादव धर्म कांटा के रहने वाले धर्मेंद्र पिछले 17 वर्ष से परिवार के साथ संगम विहार इलाके में रहते थे। परिवार में पत्नी रेणु, 15 वर्षीय बेटा आदित्य, 12 वर्षीय बेटी आदिति और चार वर्षीय बेटा कार्तिक है।
वह ओखला में एक्सपोर्ट फैक्ट्री में कपड़ों की सिलाई का काम करते थे। सोमवार को परिचित की शादी में पत्नी के साथ करावल नगर गए थे। वापस लौटते समय रात करीब बारह बजे कश्मीरी गेट फ्लाईओवर पर एक भारी माल वाहक वाहन ने उन्हें कुचल दिया। इसके बाद चालक वाहन सहित फरार हो गया।
हादसे में दोनों की दर्दनाक मौत हो गई। उनका शरीर जमीन से चिपक गया था, जिससे आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत से उनके शरीर को कब्जे में लिया और सब्जी मंडी मोर्चरी में रखवाया। जहां मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शवों को परिजन को सौंप दिया गया। वहीं आरोपित चालक मौके से भागने में सफल रहा। पुलिस घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल आरोपित चालक की तलाश में जुटी है।
वहीं घटना के बाद मृतकों के बच्चे देर रात तक अपने मां-बाप का घर लौटने का इंतजार करते रहे। उन्हें नहीं पता था कि कुछ देर का बोल गए उनके मां-बाप अब कभी वापस नहीं लौटेंगे। मृतक धर्मेंद्र के बड़े भाई जयपाल सिंह ने बताया कि वह भी दूसरी मोटरसाइकिल पर उनके साथ शादी में गए थे।
वह उनसे आगे चल रहे थे, काफी देर तक जब वह उन्हें पीछे आते नहीं दिखे तो उन्होंने धर्मेंद्र का काल किया। दो तीन बार काल करने के बाद पुलिसकर्मी ने फोन उठाया और हादसे की सूचना दी, जिसके बाद वह घटनास्थल पर पहुंचे और जमीन पर पड़े दोनों के शव देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।
हादसा इतना दर्दनाक था कि घटना का मंजर देखने वालों की रूह तक कांप उठी। अज्ञात भारी वाहन की चपेट में आने से दंपती के शरीर के अंग तक बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर अलग हा गए थे। दोनों के सिर कुचल गए थे। रेणु का पैर कटकर अलग हो गया था, जबकि धर्मेंद्र का हाथ कट गया था। सड़क पर भी दूर तक काफी खून बिखरा हुआ था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button