मेघालय के प्रधान सचिव सैयद मोहम्मद ए. रजी की मौत, उज्बेकिस्तान के होटल रूम में मिली लाश
Meghalaya's Principal Secretary Syed Mohammad A. Razi dead, body found in hotel room in Uzbekistan

शिलॉन्ग/एजेंसी। मेघालय सरकार के प्रधान सचिव सैयद मोहम्मद ए. रजी सोमवार को उज़्बेकिस्तान के एक होटल के कमरे में कथित तौर पर मृत पाए गए। वह निजी दौरे पर वहां गए थे। अधिकारियों ने बताया कि रजी भारतीय रेलवे यातायात सेवा (आईआरटीएस) के अधिकारी थे और वर्ष 2021 से मेघालय सरकार में प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत थे। वह 4 अप्रैल से उज़्बेकिस्तान के बुख़ारा शहर में ठहरे हुए थे।
अधिकारियों के अनुसार ऐसा संदेह है कि उनकी मृत्यु हार्ट अटैक से हुई है। एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी ने बताया कि सोमवार सुबह जब उनसे कोई संपर्क नहीं हो सका, तो होटल कर्मचारी ने उनके कमरे का दरवाज़ा तोड़ा जहां वह मृत अवस्था में पाए गए।
मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड के. संगमा ने बताया कि आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। रजी की पत्नी बुख़ारा पहुंच चुकी हैं। मुख्यमंत्री संगमा ने सोशल मीडिया मंच पोस्ट में लिखा कि आईआरटीएस अधिकारी और मेघालय सरकार के प्रधान सचिव सैयद मोहम्मद ए. रजी के असमय निधन से अत्यंत दुखी हूं।
सीएम ने कहा कि रजी की असाधारण कार्यकुशलता और अटूट समर्पण उनके संभाले गए हर विभाग में स्पष्ट रूप से देखने को मिले। वह हर जिम्मेदारी को आत्मीयता से निभाते थे। उनसे सहयोगियों को प्रेरणा मिलती थी। काम के प्रति समर्पण के अलावा, वह एक मिलनसार और खुशमिजाज़ व्यक्तित्व के धनी थे। वह सहकर्मियों के बीच बेहद प्रिय और सम्मानित थे। उनका जाना हम सभी के लिए अपूरणीय क्षति है।




