गुजरात से महाकुंभ शाही स्नान करने जा रहा परिवार फतेहपुर में हादसे का शिकार
फतेहपुर में इनोवा ड्राइवर की मौत और 6 घायल

- फतेहपुर में भीषण कार सड़क हादसा, चालक की मौके पर मौत
- गुजरात के श्रद्धालु प्रयागराज महाकुंभ स्नान के लिए जा रहे थे
- कार कोहरे के कारण ट्रेलर से टकराई, 6 लोग गंभीर रूप से घायल
फतेहपुर/उत्तर प्रदेश। फतेहपुर जिले में भीषण सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में इनोवा चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जबकि कार में सवार दंपति समेत 6 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। बताया जा रहा है कि कार सवार श्रद्धालु गुजरात के रहने वाले है। सभी लोग प्रयागराज के महाकुंभ में शाही स्नान के लिए जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार, गुजरात के रहने वाले प्रणव कुमार ओझा, उनकी पत्नी हेमलता ओझा के साथ बेटा अंकित ओझा, बिन्नू भागवत, ब्रजकिशोर पचौरी और कैला देवी सहित 6 लोग कार से प्रयागराज के महाकुंभ स्नान के लिए जा रहे थे। कार मथुरा वृंदावन निवासी श्याम ठाकुर (36) ड्राइव कर रहा था। बताया जा रहा है कि इस दौरान जैसे ही तेज रफ्तार कार सुबह करीब साढ़े 6 बजे खागा कोतवाली के कानपुर-प्रयागराज हाइवे स्थित पूर्वी बाईपास के समीप पहुंची, तभी सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर में कोहरे की धुंध के चलते पीछे से जा टकराई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे में चालक श्याम की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जबकि दंपती समेत 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने सभी घायलों को खागा सीएचसी पहुंचाया। जहां से सभी की नाज़ुक हालत देखकर डाक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।कोतवाली प्रभारी हेमंत मिश्र ने बताया कि घने कोहरे के चलते हुए हादसे में कार चालक की मौत हुई है। परिजनों को सूचना देने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।




