फतेहपुर में ठंड से जिला पंचायत सदस्‍य और किसान की मौत

District Panchayat member and farmer died due to cold in Fatehpur

फतेहपुर/उत्तर प्रदेश। फतेहपुर जिले में ठंड और कोहरे का सितम जारी है। यहां 24 घंटे में ठंड ने ऐसा तांडव मचाया है कि जिला पंचायत सदस्य और एक किसान समेत 2 लोगों की मौत हो गई। अचानक हुई मौतों से दोनों परिवारों में कोहराम मचा है। गांवों में मातम भी छाया है। घरवालों का कहना है कि ठंड की वजह से इन दोनों की मौत हुई है।
असोथर थाना क्षेत्र के हरनवां गांव के रहने वाले मनोज गुप्ता जिले के ऐझी वार्ड से मौजूदा जिला पंचायत सदस्य थे। बताया जा रहा है कि मनोज परिवार के साथ लखनऊ में रहकर बिजनेस करते थे। हर सप्ताह मनोज का पैतृक गांव में आना-जाना लगा रहता था।मनोज गुप्‍ता विगत रविवार को ही गांव से वापस लखनऊ पहुंचे थे। पहुंचने के बाद उन्हें अचानक सिर में तेज दर्द हुआ और तबियत बिगड़ गई। यह देख आनन-फानन परिजन मनोज को लखनऊ के मेदांता हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। यहां मौजूद डॉक्टरों ने भर्ती कर इलाज शुरू किया। इस दौरान सोमवार की सुबह मनोज की मौत हो गई। परिजनों के अनुसार ठंड लगने से हालत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां ब्रेन हेमरेज से उनकी मौत हो गई।
इधर, जिले के ही जहानाबाद थाना क्षेत्र के भैरमपुर गांव निवासी 52 वर्षीय शिव कुमार निषाद खेती किसानी करते थे। बताया जा रहा है कि रविवार की शाम घर से खेतों में पानी लगाने गए थे। घर वापस आने के बाद किसान की तबियत बिगड़ने पर सोमवार को परिजन इलाज के लिए फतेहपुर शहर ले जा रहे थी कि किसान की रास्ते में ही सांसें थम गईं। परिजनों ने बताया कि खेत में पानी लगाने के दौरान ठंड लगने से मौत हुई है। थाना अध्यक्ष अमित सिंह ने बताया कि ऐसी कोई घटना संज्ञान में नहीं है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button