शाहदरा जिला पुलिस ने दिल्ली सहित पांच अन्य राज्यों में छापेमारी कर दो करोड़ रुपये से ज्यादा के मोबाइल किए बरामद

पांच राज्यों में चला ऑपरेशन, दो करोड़ से अधिक के मोबाइल बरामद, 376 आरोपी सलाखों के पीछे

राजीव कुमार गौड़/दिल्ली ब्यूरो। यमुनापार के शाहदरा जिला पुलिस ने दिल्ली सहित पांच अन्य राज्यों में छापेमारी कर दो करोड़ रुपये से ज्यादा के 555 मोबाइल बरामद किए हैं। पुलिस ने देशभर में चलाए गए ऑपरेशन विश्वास के दौरान 45 झपटमार और लुटेरे पकड़े हैं। इस ऑपरेशन में 376 से अधिक आरोपियों को जेल भेजा है।
डीसीपी प्रशांत गौतम के अनुसार, एक अप्रैल 2024 को शाहदरा जिले से चोरी और झपटे गए मोबाइल बरामद करने के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया। एएसआई दीपक कुमार, हेडकांस्टेबल मनोज कुमार, गगनदीप और तेजवीर सिंह की टीम ने तकनीकी विश्लेषण के बाद पाया कि शाहदरा जिले के विभिन्न थानों से चोरी व लूटे गए मोबाइल दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान और बिहार में चलते हुए पाए गए हैं। पुलिस टीम ने सभी मोबाइल की पहचान के लिए आईएमईआई नंबर और सीडीआर का विश्लेषण किया। इसके बाद डीसीपी के नेतृत्व में 14 टीमें बनाई गई। इन टीमों में सभी राज्यों में छापेमारी की और मोबाइल बरामद कर लिए।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि ऑपरेशन विश्वास दो चरणों में चलाया गया। पहला चरण अप्रैल से जुलाई तक चला। इस दौरान 311 चोरी हुए मोबाइल बरामद किए, जबकि दूसरा चरण एक अक्तूबर से 15 दिसंबर तक चला। इस दौरान 244 चोरी हुए मोबाइल बरामद किए गए। बरामद किए गए मोबाइल को अपराधी फोन के मॉडल के आधार पर 3000 से 5000 रुपये में बेचते है। उन्होंने बताया कि बरामद किए गए 555 मोबाइल में से 150 मोबाइलों भारत सरकार के सीईआईआई पोर्टल की मदद से ट्रैक किया गया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button