गाजियाबाद में 19 किलो गांजा के साथ भाई-बहन गिरफ्तार
Brother and sister arrested with 19 kg marijuana in Ghaziabad

लोनी/गाजियाबाद। ट्रानिका सिटी थाना पुलिस ने मंगलवार को राम पार्क कॉलोनी से गांजा बेचने के आरोप में ममेरे भाई-बहन को गिरफ्तार किया है। तीन लोग मौके से फरार हो गए। आरोपित आंध्र प्रदेश से गांजा लाते थे। पुलिस ने दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। इनके पास से 19 किलो गांजा बरामद हुआ है।
सहायक पुलिस आयुक्त लोनी सूर्यबली मौर्य ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि राम पार्क कॉलोनी के एक मकान में गांजा बेचा जा रहा है। पुलिस मौके पर पहुंची तो तीन महिला और दो पुरुष भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर दो गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान राम पार्क कॉलोनी के शाहिद व आफरीन के रूप में हुई है।
दोनों ममेरे भाई -बहन हैं। फरार आरोपितों की पहचान असगर, नौशाद बानो उर्फ असगरी तथा उसकी बहन परवीन के रूप में हुई है। असगर मुख्य आरोपित है। वही गांजा तस्करी करता है। उसके पकड़े जाने पर ही गांजा तस्करी के बारे में पूरी तरह पता चलेगा। शाहिद पूर्व में भी एक बार गांजा बेचने के आरोप में जेल जा चुका है। आरोपित ट्रक में रखकर आंध्र प्रदेश से गांजा लाते हैं। इसके बाद पुड़िया बनाकर बेचते हैं। महिलाओं के जरिये गांजा बिकवाते हैं। जिससे किसी को शक न हो। गिरफ्तार आरोपितों को पकड़ने के लिए पुलिस की टीम गठित कर दी है।




