देशभर में विजयादशमी की धूम, राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने देशवासियों को दी शुभकामनाएं

Vijayadashami is celebrated across the country, President and Prime Minister gave best wishes to the countrymen

नेशनल डेस्क। देशभर में आज दशहरे की धूम है। देश के अलग-अलग हिस्सों में रावण दहन की तैयारी चल रही है। दिल्ली में भी जबरदस्ती तरीके से लाल किला के पास रावण दहन की तैयारी है। प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति के इसमें शामिल होने की संभावना है। दशहरे को बुराई पर अच्छाई की जीत और असत्य पर सत्य की जीत के तौर पर मनाया जाता है। इस अवसर पर देश के अलग-अलग हिस्सों में रावण दहन के साथ-साथ मेले का भी आयोजन किया जाता है जिसमें हजारों की संख्या में लोग शामिल होते हैं। दशहरा सबसे बड़े हिंदू त्योहारों में से एक है। यही कारण है कि दशहरे के अवसर पर शुभकामनाओं का भी संदेश सामने आने लगा है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत तमाम गणमान्य लोगों ने इस अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी है। राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘विजयादशमी के पावन अवसर पर मैं देश के सभी नागरिकों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देती हूं। विजयादशमी का त्योहार अन्याय पर न्याय की जीत का प्रतीक है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘यह त्योहार हमें उच्च मानवीय आदर्शों में अपनी आस्था को और मजबूत करने के लिए प्रेरित करता है।’’ मुर्मू ने कहा, ‘‘इस त्योहार के साथ गरिमा, कर्तव्य के प्रति जिम्मेदारी, आचरण में शुचिता, विनम्रता और न्याय के लिए साहसपूर्ण संघर्ष की कई प्रेरक कहानियां जुड़ी हुई हैं। ये कहानियां हमारी प्रेरणा का स्रोत होनी चाहिए।’’ उन्होंने कामना की कि आस्था और उत्साह का यह त्योहार सभी के लिए सफलता, समृद्धि और खुशी लाए।
प्रधानमंत्री ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘देशवासियों को विजयादशमी की असीम शुभकामनाएं। मां दुर्गा और प्रभु श्रीराम के आशीर्वाद से आप सभी को जीवन के हर क्षेत्र में विजय हासिल हो, यही कामना है।’’ गृह मंत्री अमित शाह ने लिखा कि समस्त देशवासियों को विजयादशमी की हार्दिक शुभकामनाएँ। अधर्म पर धर्म और असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक, विजयादशमी का यह पर्व सभी को अपने अंदर की बुराइयों को समाप्त कर धर्म और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। प्रभु श्री राम सभी का कल्याण करें। जय श्री राम!

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button