मकान बेचने का सौदा कर रहा था शराबी पति, रात में पत्नी ने गला दबाकर मार डाला
Drunk husband was negotiating a deal to sell the house, wife strangled him to death at night

गोरखपुर/उत्तर प्रदेश। गोरखपुर में एक बेहद हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां एक पत्नी ने अपने पति की गला दबाकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि मृतक पति अपनी पत्नी की गैर मौजूदगी में जमीन बेच रहा था। इसकी जानकारी होते ही पत्नी घर वापस लौटी और विवाद के दौरान पति की गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
गोरखनाथ थाना क्षेत्र के तीलिया कुआं निवासी 40 वर्षीय अशोक निषाद का अपनी पत्नी रिंकी देवी से विवाद चल रहा है। पत्नी पिछले 7 महीना से अलग किराए के मकान में अपने तीन बच्चों के साथ रह रही थी। शुक्रवार को रिंकी को पता चला कि उसका शराबी पति अपना मकान बेच रहा है। इसकी जानकारी होते ही वह शुक्रवार की सुबह अपने ससुराल चली आई। इस दौरान दोनों के बीच जमकर विवाद हुआ।
देर रात दोनों के बीच एक बार फिर विवाद होने लगा इसी बीच पत्नी ने पति का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और अपने किराए के मकान पर वापस लौट आई। जैसे ही अशोक के मौत की खबर फैली, रिंकी पुनः वापस लौटी और पति के शव के पास रोने लगी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने रिंकी को गिरफ्तार कर लिया और अपने साथ थाने ले आई कोर्ट में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया है और आगे की जांच में जुट गई है।
इस बारे में एसपी सिटी अभिनव त्यागी का कहना है कि आरोपी पत्नी का अपने पति से पिछले कुछ महीनो से विवाद चल रहा था। दोनों अलग-अलग रहते थे। इसी बीच अशोक की पत्नी को पता चला कि वह मकान बेच रहा है। जानकारी होने पर वह अपनी ससुराल पहुंची तो दोनों के बीच विवाद हुआ। फिलहाल मौत के कारणों का पता कराया जा रहा है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।




