पाकिस्तान की बड़ाई और भारत के लोगों की बुराई! करने पर ऊबर ड्राइवर ने बीच रास्ते दिया उतार
Uber driver dropped me in the middle of the road for praising Pakistan and badmouthing India and even the people of Delhi

नई दिल्ली। लोग आपके देश, आपके प्रदेश, वहां के लोगों की बुराई करें तो आप क्या करेंगे? अगर बुराई करने वाला विदेशी हो या देशविरोधी मानसिकता से ग्रस्त यानी आज की शब्दावली में वोक हो तो? यह आपकी मानसिकता पर निर्भर है कि आप अपने देश, अपने प्रदेश, अपने लोगों के बारे में क्या सोचते हैं। अगर आपको इन सबसे प्यार है, आप इनका सम्मान करते हैं तो निश्चित रूप से आपको बुरा लगेगा। तब संभव है कि आप आपत्ति दर्ज कराएं। अगर आप भी उसी मनासिकता के हैं कि यहां तो सबकुछ खराब है- जगह खराब, लोग खराब आदि। तब आप भी उनकी गप में शामिल होंगे और कुछ न कुछ एड करेंगे कि कैसे भारत में कुछ भी अच्छा नहीं। फिर आप वोक हैं। दिल्ली में एक ऊबर चालक का एक वोक महिला से सामना हो गया। ऊबर चालक भी निकला धांसू देशभक्त। वह बर्दाश्त नहीं कर पाया और गाड़ी रोककर वोक प्रजाति से पीछा छुड़ा लिया। अब उनके बीच हुई तू-तू, मैं-मैं का वीडियो सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म एक्स पर खूब रिएक्शंस बटोर रहा है। कुछ लोग ऊबर ड्राइवर को बदतमीज बता रहे हैं तो कुछ देशभक्त।
दरअसल, मामला एक महिला, उसके पाकिस्तानी मुस्लिम मित्र और ऊबर ड्राइवर के बीच का है। एक्स यूजर्स के मुताबिक, दिल्ली में महिला अपने मुस्लिम मित्र के साथ ऊबर से सफर कर रही थी। उसका मित्र न केवल पाकिस्तान की तारीफ कर रहा था बल्कि दिल्ली और यहां के लोगों की आलोचना कर रहा था। महिला भी उसके हां में हां मिला रही थी। ऊबर ड्राइवर से रहा नहीं गया। उन्होंने कहा कि इस तरह के ऑब्जर्वेशन सही नहीं हैं। पूरी दिल्ली खराब है, एक भी आदमी ठीक नहीं है, सब कुछ बुरा ही बुरा है और पाकिस्तान में सब अच्छा है- ये कैसी बातें कर रहे हैं आप? इसी पर बात बढ़ी और ऊबर ड्राइवर ने दोनों को बीच सफर में ही कार से उतार दिया।
एक्स पर शेयर किए गए वीडियो में कुछ बातें सुनी जा सकती हैं। लेकिन पूरी बात की पुष्टि एनबीटी नहीं कर सकता है। हम यहां वही बता रहे हैं जो एक्स यूजर्स ने अपने पोस्ट में बताया है। वीडियो में दिख रहा है कि ऊबर ड्राइवर गुस्से से लाल है। इस वीडियो पर एक्स यूजर्स की राय बंटी हुई है। कोई ड्राइवर को देशभक्त बताकर उसकी तारीफ कर रहे हैं तो कुछ ड्राइवर के किए को बदतमीजी बता रहे हैं। मामला 9 अगस्त का बताया जा रहा है, हालांकि वीडियो 11 अगस्त को पोस्ट हुआ है। कुछ शब्दों के चलते वीडियो को यहां शयेर नहीं किया जा रहा है।




